Gullak Season 5: कब हो रही मिश्रा परिवार की वापसी? देखें रिलीज़ टाइमलाइन से लेकर कहानी तक की सभी डिटेल्स

Updated on 17-Feb-2026

पॉपुलर फैमिली ड्रामा सीरीज़ ‘गुल्लक’ के हर सीज़न को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिलता है, कुछ ऐसा ही इसके 5वें सीज़न को लेकर भी है, जिसका फैन्स काफी समय से इंतज़ार कर रहे हैं। ओटीटी प्लेटफॉर्म Sony LIV ने पिछले साल सितंबर में 2025-26 के लिए अपने आगामी शोज़ के शानदार लाइन-अप का ऐलान किया था, जिसमें गुल्लक सीज़न 5 को भी आधिकारिक तौर पर शामिल किया गया। पहले सीज़न से ही इस सीरीज़ को दर्शकों का भरपूर प्यार मिलता रहा है और अब मिश्रा परिवार एक बार फिर नई कहानियों के साथ लौटने वाला है। इस बार भी मुख्य भूमिकाओं में जमील खान और गीतांजलि कुलकर्णी नजर आएंगे, जिससे दर्शकों को फैमिली ड्रामा और हल्के-फुल्के हास्य का वही जाना-पहचाना अंदाज़ देखने को मिलेगा।

रिलीज़ डेट को लेकर क्या है अपडेट

फिलहाल सीज़न 5 की सटीक रिलीज़ डेट सामने नहीं आई है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि यह शो 2026 में यानी इसी साल दर्शकों के बीच आ सकता है। शो की शूटिंग शुरू हो चुकी है और पूरी स्टार कास्ट इस पर काम कर रही है। पोस्ट-प्रोडक्शन प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए मेकर्स जल्द ही आधिकारिक रिलीज़ डेट की घोषणा कर सकते हैं।

कहानी और स्टार कास्ट

द वायरल फीवर (TVF) के बैनर तले बनी और श्रेयंस पांडे द्वारा प्रोड्यूस की गई यह सीरीज़ मिश्रा परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी के इर्द-गिर्द घूमती है। परिवार में माता-पिता संतोष और शांति के साथ उनके दो बेटे अन्नू और अमन शामिल हैं। कहानी में मिडल क्लास जीवन की चुनौतियां, आर्थिक जिम्मेदारियां, रिश्तों की गर्माहट और भाई-भाई की नोकझोंक को भावनात्मक और हास्यपूर्ण अंदाज़ में दिखाया जाता है। सीरीज़ में वैभव राज गुप्ता और हर्ष मायर भी अहम किरदार निभाते हैं।

गुल्लक सीज़न 5 में क्या होगा

सीज़न 5 की कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी जहां पिछला भाग खत्म हुआ था। संतोष द्वारा पुराना घर बेचकर नए अपार्टमेंट में शिफ्ट होने का फैसला आने वाले एपिसोड्स का मुख्य आधार बनेगा। नए घर में परिवार के एडजस्टमेंट, बदलते रिश्ते और संभावित प्रेम कहानियां इस सीज़न में देखने को मिल सकती हैं।

सीज़न 4 की इमोशनल एंडिंग

सीरीज़ का चौथा सीज़न जून 2024 में रिलीज़ हुआ था, जिसमें पांच एपिसोड्स के जरिए मिश्रा परिवार की रोजमर्रा की उलझनों को दिखाया गया। आखिरी एपिसोड में भावनात्मक मोड़ तब आया जब अमन गुस्से में घर छोड़कर चला जाता है। पिता संतोष को उसके बैग में एक आपत्तिजनक उपन्यास और लव लेटर मिलने के बाद घर में तनाव पैदा हो जाता है। बाद में बड़ा भाई अन्नू उसे बस स्टैंड से वापस लेकर आता है और परिवार का भावुक मिलन सीज़न की एंडिंग बनता है।

अब दर्शक यह देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि नए घर और नई परिस्थितियों में मिश्रा परिवार की कहानी किस दिशा में आगे बढ़ती है।

यह भी पढ़ें: Jio का फुल एंटरटेनमेंट पैकेज; फ्री Netflix, अनलिमिटेड कॉलिंग-डेटा, 35 हजार से ज्यादा के प्रीमियम बेनेफिट्स और इतना सब..

Faiza Parveen

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :