2 घंटे 50 मिनट की कल्ट-क्लासिक फिल्म, हंसा-हंसा कर दुखा देगी पूरे परिवार का पेट, IMDb पर मिली 8.4 की रेटिंग

छुट्टियों के दौरान हम में से कई लोग ऐसी फिल्मों की खोज में रहते हैं जो सिर्फ मनोरंजन ही न करें, बल्कि रोज़मर्रा की थकान और तनाव से दूर ले जाकर खुलकर हँसने का मौका भी दें. अगर आपकी पसंद भी कुछ ऐसी ही है, तो बॉलीवुड की एक सदाबहार कॉमेडी फिल्म आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए. रिलीज़ के 16 साल बाद भी इस फिल्म की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है.
रिलीज़ के समय इस फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों से भी जबरदस्त सराहना मिली थी. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और रेटिंग्स के मामले में भी यह काफी आगे रही. इसमें भावनाओं, ड्रामे और भरपूर कॉमेडी का ऐसा संतुलन देखने को मिलता है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखता है. नए साल पर इस फिल्म को देखने की एक वजह यह भी है कि यह आपको अपने सपनों और जुनून के पीछे चलने की प्रेरणा देती है.
ब्लॉकबस्टर फिल्म
कमाई के मामले में भी यह फिल्म किसी से कम नहीं रही. 16 साल पहले सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई इस कॉमेडी ड्रामा ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 202 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन लगभग 400 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था. यही वजह है कि इसे उस दौर की ब्लॉकबस्टर फिल्मों में गिना जाता है.
कहानी क्या है
कहानी तीन करीबी दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई के दौरान और उसके बाद की ज़िंदगी की चुनौतियों से जूझते नजर आते हैं. करीब 2 घंटे 50 मिनट की इस फिल्म में कॉलेज लाइफ, करियर की उलझनें और निजी संघर्षों को हल्के-फुल्के अंदाज़ में पेश किया गया है. फिल्म का ह्यूमर और कॉमिक टाइमिंग बेहद प्रभावशाली है, वहीं कुछ इमोशनल सीन कहानी से गहरा जुड़ाव भी बनाते हैं.
कास्ट और प्लेटफॉर्म
यह फिल्म कोई और नहीं बल्कि राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी साल 2009 की सुपरहिट मूवी 3 इडियट्स है. इसमें आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे, जबकि करीना कपूर खान और बोमन ईरानी ने भी अहम किरदार निभाए थे. रैंचो, राजू और फरहान की दोस्ती दर्शकों को आज भी उतनी ही पसंद आती है. अगर आप इसे ओटीटी पर देखना चाहते हैं, तो यह फिल्म प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है.
