साल 2026 में बॉक्स ऑफिस पर जहां Dhurandhar 2 का दबदबा देखने को मिला और कई बड़ी फिल्मों को इसके आगे झुकना पड़ा, वहीं एक छोटी बजट की फिल्म ने चुपचाप जबरदस्त कमाई करके सबको चौंका दिया। महज 10 से 13 करोड़ रुपये के बजट में बनी मलयालम फिल्म ‘वाझा 2: बायोपिक ऑफ बिलियन ब्रदर्स’ ने रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और बिना ज्यादा चर्चा के अपने बजट से 23 गुना ज्यादा कमाई कर ली। अब यह फिल्म सिनेमाघरों के बाद ओटीटी पर आने के लिए तैयार है।
2 अप्रैल को थिएटर में रिलीज हुई इस फिल्म ने उस वक्त एंट्री ली जब धुरंधरः द रिवेंज का क्रेज हर जगह था। इसके बावजूद वाझा 2 ने अपनी अलग पहचान बनाई और बहुत कम समय में 100 करोड़ क्लब में शामिल हो गई। यह मलयालम सिनेमा की सबसे जल्दी 100 करोड़ कमाने वाली फिल्मों में शामिल हो गई। इसने Lokah Chapter 1 और Thudarum जैसी फिल्मों के रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिए। जहां ‘लोकाः चैप्टर 1’ ने 24 दिन और ‘थुडारम’ ने 19 दिन में 100 करोड़ का आंकड़ा छुआ था, वहीं वाझा 2 ने सिर्फ 7 दिनों में दुनियाभर में यह मुकाम हासिल कर लिया। खास बात यह रही कि केरल में ही इसने 15 दिनों में 100 करोड़ कमा लिए।
इसकी कहानी चार दोस्तों की जिंदगी पर आधारित है, जो स्कूल के दिनों से लेकर बड़े होने तक के सफर को दिखाती है। फिल्म यह दर्शाती है कि कैसे ये शरारती दोस्त समय के साथ खुद को समझते हैं और उनकी जिंदगी एक नए मोड़ पर पहुंच जाती है।
विपिन दास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में हाशिर, एलन, विनायक, अजिन, बिजू कुट्टन, अल्फोंस पुथरेन, विजय बाबू, अजू वर्गीस अमीन और एंजेल मारिया जैसे कलाकार नजर आते हैं। इनमें से हाशिर सोशल मीडिया पर अपने रील्स और शॉर्ट वीडियो के जरिए पहचान बनाने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा में आए हैं।
फिल्म ने भारत में 128 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जबकि इसका कुल वैश्विक बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 233.63 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
अब यह सुपरहिट फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों के लिए उपलब्ध होने जा रही है। वाझा 2 को 8 मई से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जाएगा। फिल्म को IMDb पर 8.3 की रेटिंग मिली है।
यह भी पढ़ें: BSNL के इस प्लान के आगे Jio-Airtel ‘फेल’, महीने भर 2GB डेली डेटा और अनलिमिटेड कॉलिंग, कीमत बस 1 रुपया