WhatsApp पर शुरू हुए विज्ञापन, ‘अपडेट्स’ टैब में दिखेंगे Ads, जानें कैसे करें ब्लॉक

Meta के स्वामित्व वाला WhatsApp अब एक बड़ा बदलाव लेकर आया है. कंपनी ने ग्लोबल लेवल पर Status Ads और Promoted Channels लॉन्च करने की घोषणा की है. इसका मकसद दोतरफा है. यूजर्स को नए बिजनेस और चैनल खोजने में आसानी हो, और कंपनियों को ज्यादा विजिबिलिटी मिले.

पहले स्पॉन्सर्ड कंटेंट सीमित यूजर्स तक ही उपलब्ध था. अब कंपनी ने X पर घोषणा की है कि यह फीचर दुनिया भर में रोलआउट कर दिया गया है.

कहां दिखेंगे ये Ads?

Status Ads और Promoted Channels ऐप के “Updates” टैब में दिखाई देंगे. यही वह सेक्शन है जहां Status और Channels मौजूद होते हैं. हालांकि, ये विज्ञापन साफ लेबल के साथ दिखेंगे, ताकि यूजर समझ सके कि यह प्रमोशनल कंटेंट है.

अच्छी बात है कि यूजर इन्हें स्किप भी कर सकेंगे. यह ठीक उसी तरह है जैसे वे सामान्य स्टेटस को स्वाइप करके आगे बढ़ते हैं. कंपनी ने साफ किया है कि विज्ञापन केवल Updates टैब तक सीमित रहेंगे. पर्सनल चैट, कॉल और स्टेटस पहले की तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेंगे. यानी निजी मैसेजिंग अनुभव में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

यूजर कंट्रोल भी दिया गया

अगर किसी बिजनेस के विज्ञापन बार-बार दिख रहे हैं और आपको परेशान कर रहे हैं, तो आप उन्हें ब्लॉक या हाइड कर सकते हैं. इससे Updates टैब में दिखने वाले कंटेंट पर यूजर का कंट्रोल बना रहेगा. कुछ चुनिंदा क्षेत्रों, खासकर यूरोप के कुछ हिस्सों में, यूजर्स को Status और Channels के लिए एड-फ्री सब्सक्रिप्शन का ऑप्शन भी मिल सकता है. हालांकि, इसकी कीमत और उपलब्धता स्थान के अनुसार अलग हो सकती है.

WhatsApp का फोकस

WhatsApp पिछले कुछ समय से लगातार नए फीचर्स जोड़ रहा है. कंपनी का मकसद साफ है चैट, ग्रुप और चैनल्स में यूजर एंगेजमेंट बढ़ाना. हाल ही में प्लेटफॉर्म ने “Group Chat History” फीचर भी पेश किया था.

इस फीचर के तहत ग्रुप एडमिन या सदस्य नए जुड़े व्यक्ति के साथ पुरानी चैट का हिस्सा साझा कर सकते हैं. इसमें न्यूनतम 25 और अधिकतम 100 मैसेज तक नए यूजर्स के साथ शेयर किए जा सकते हैं. पहले जो यूजर नए ग्रुप में जुड़ते थे, वे सिर्फ जॉइन करने के बाद के मैसेज देख पाते थे. अब उन्हें संदर्भ समझने में आसानी होगी.

जब भी चैट हिस्ट्री शेयर की जाती है, तो ग्रुप के सभी सदस्यों को इसकी सूचना मिलती है. साथ ही टाइमस्टैम्प और सेंडर डिटेल साफ दिखाई जाती है, और हिस्ट्री को सामान्य मैसेज से अलग तरीके से दिखाया जाता है.

Status Ads और Promoted Channels WhatsApp के बिजनेस मॉडल में बड़ा बदलाव हैं. कंपनी विज्ञापन से कमाई बढ़ाना चाहती है, लेकिन साथ ही यूजर कंट्रोल और एन्क्रिप्शन बनाए रखने की बात भी दोहरा रही है. अब असली सवाल यह है कि यूजर्स इस बदलाव को कितनी सहजता से स्वीकार करते हैं.

यह भी पढ़ें: ChatGPT, Grok, Gemini या दूसरे AI से भूल कर भी न पूछे ये 6 सवाल, फंसा देगा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, पहला वाला सबसे जरूरी

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :