चैट ट्रांसफर से लेकर मल्टीपल अकाउंट तक..WhatsApp पर एक साथ आ गए कई नए फीचर्स, जान लें सारी डिटेल्स

HIGHLIGHTS

WhatsApp में कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं

अब iPhone में दो अकाउंट और आसान चैट ट्रांसफर मिलेगा

AI और स्टोरेज मैनेजमेंट फीचर्स भी अपडेट हुए

WhatsApp ने अपने यूजर्स के लिए कई नए फीचर्स रोलआउट करने की घोषणा की है. इनकै मकसद ऐप के रोजमर्रा इस्तेमाल को आसान बनाना और उन दिक्कतों को खत्म करना है जिनसे लोग लंबे समय से परेशान थे. खास तौर पर स्टोरेज मैनेजमेंट और चैट ट्रांसफर जैसे बड़े बदलाव इस अपडेट का हिस्सा हैं. ये सीधे यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाते हैं.

कंपनी के मुताबिक ये अपडेट उन लोगों के लिए काम के हैं जो एक साथ पर्सनल और वर्क चैट संभालते हैं या फिर अपने डेटा और स्टोरेज को बेहतर तरीके से मैनेज करना चाहते हैं.

iPhone में एक ही डिवाइस में चलेंगे दो WhatsApp

सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब iPhone यूजर्स भी एक ही डिवाइस में दो अलग-अलग WhatsApp अकाउंट चला सकेंगे. अब तक यह सुविधा केवल Android यूजर्स के पास थी. इसका मतलब है कि अब अलग-अलग नंबर के लिए दो फोन रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी. ऐप में प्रोफाइल फोटो के जरिए यह भी साफ दिखेगा कि आप किस अकाउंट में हैं, जिससे स्विच करना आसान रहेगा.

चैट ट्रांसफर करना हो गया आसान

फोन बदलना भी अब पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है. पहले WhatsApp चैट्स को Android से iPhone या iPhone से Android में ट्रांसफर करना काफी झंझट भरा था, लेकिन अब कंपनी ने इसे सरल बना दिया है. यूजर्स अब अपने पूरे चैट बैकअप, जिसमें फोटो और वीडियो भी शामिल हैं, आसानी से एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर ले जा सकते हैं.

स्टोरेज की समस्या को ध्यान में रखते हुए WhatsApp ने एक स्मार्ट तरीका भी जोड़ा है. अब यूजर्स किसी भी चैट के अंदर जाकर बड़े फाइल्स को पहचानकर डिलीट कर सकते हैं, बिना पूरी चैट हटाए. इससे फोन की स्टोरेज खाली करना आसान हो जाएगा और जरूरी मैसेज सुरक्षित रहेंगे.

स्टिकर सजेशन

इसके अलावा चैटिंग को और आसान बनाने के लिए स्टिकर सजेशन फीचर भी जोड़ा गया है. अब जैसे ही आप कोई इमोजी टाइप करेंगे, WhatsApp खुद से उससे जुड़े स्टिकर सजेस्ट करेगा, जिससे एक्सप्रेशन ज्यादा बेहतर तरीके से शेयर किए जा सकेंगे.

AI फीचर्स भी जोड़े गए

AI फीचर्स को भी इस अपडेट में खास जगह दी गई है. Meta के AI की मदद से अब यूजर्स फोटो भेजने से पहले उसे एडिट कर सकते हैं. बैकग्राउंड बदलना, अनचाहे ऑब्जेक्ट हटाना या फोटो को क्रिएटिव स्टाइल देना अब सीधे चैट के अंदर ही संभव होगा.

साथ ही, WhatsApp का AI Writing Help फीचर भी बेहतर किया गया है. अब यह चैट के कॉन्टेक्स्ट के आधार पर जवाब सुझा सकता है, जिससे यूजर्स को सही शब्द चुनने में मदद मिलेगी. कंपनी का कहना है कि यह फीचर यूजर्स की प्राइवेसी को ध्यान में रखकर बनाया गया है.

कुल मिलाकर, यह अपडेट दिखाता है कि WhatsApp अब सिर्फ मैसेजिंग ऐप नहीं रह गया है, बल्कि एक स्मार्ट कम्युनिकेशन टूल बनता जा रहा है, जहां AI, स्टोरेज कंट्रोल और मल्टी-अकाउंट जैसी सुविधाएं एक साथ मिल रही हैं.

यह भी पढ़ें: Android फोन खतरे में! नया मैलवेयर बना रहा टारगेट, ऐसे रहें सावधान

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :