Google Photos में आया नया AI फीचर, अब बिना प्रोफेशनल स्किल्स के चंद सेकंड में एडिट होंगे वीडियो

By

वीडियो एडिटिंग को अब तक एक ऐसा काम माना जाता था जिसके लिए अलग सॉफ्टवेयर और काफी समय की जरूरत पड़ती थी। लेकिन अब Google ने इस प्रोसेस को काफी आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने Google Photos के लिए नया AI फीचर Video Remix पेश किया है, जिसकी मदद से यूजर्स कुछ ही सेकंड में अपने वीडियो को नए अंदाज में एडिट और ट्रांसफॉर्म कर सकेंगे। यह नया फीचर Gemini Omni मॉडल पर आधारित है। Google ने हाल ही में इस मॉडल को पेश करते हुए दावा किया था कि “यह किसी भी इनपुट से कुछ भी बनाने में सक्षम है।”

Video Remix क्या कर सकता है?

Google पिछले कुछ समय से अपने रोजमर्रा के ऐप्स में जनरेटिव AI फीचर्स जोड़ रहा है। Video Remix भी उसी रणनीति का हिस्सा है। इसके जरिए कंपनी Apple, OpenAI और Adobe जैसी कंपनियों के AI एडिटिंग टूल्स को टक्कर देने की कोशिश कर रही है।

Google Photos में AI वीडियो एडिटिंग को शामिल करने का उद्देश्य यह है कि यूजर्स को अलग वीडियो एडिटिंग ऐप्स की जरूरत न पड़े और वे कुछ टैप में ही वीडियो को आकर्षक बना सकें।

कई सारे इफेक्ट्स उपलब्ध

इस फीचर की मदद से कम रोशनी में रिकॉर्ड किए गए वीडियो में Cinematic Relighting लागू करके उसे बेहतर रोशनी वाला बनाया जा सकता है। इसी तरह साधारण बैकग्राउंड को नए दृश्य से बदला जा सकता है और वीडियो पर Watercolour, Raw Sketchbook और Oil Painting जैसे आर्टिस्टिक स्टाइल भी लगाए जा सकते हैं।

इसका मतलब यह है कि किसी सामान्य वीडियो को ऐसा बनाया जा सकता है जैसे वह किसी ग्रीनहाउस में शूट किया गया हो, शाम के समय रिकॉर्ड किए गए वीडियो को सुबह की हल्की रोशनी जैसा लुक दिया जा सकता है या फिर पूरे वीडियो को वॉटरकलर पेंटिंग जैसा रूप दिया जा सकता है। यह सब बिना किसी प्रोफेशनल एडिटिंग ऐप का इस्तेमाल किए संभव होगा।

सबसे पहले किन यूजर्स को मिलेगा फीचर?

Google ने Video Remix का रोलआउट शुरू कर दिया है। खास बात यह है कि भारत उन शुरुआती देशों में शामिल है, जहां यह फीचर उपलब्ध कराया जा रहा है। फिलहाल यह सुविधा Google AI Plus, Google AI Pro और Google AI Ultra सब्सक्रिप्शन लेने वाले एलिजिबल यूजर्स के लिए रिलीज़ की जा रही है। कई देशों समेत भारत में भी इसका रोलआउट शुरू हो चुका है।

अगर भारत में आपके पास Google का इनमें से कोई AI प्लान है, तो आप अपने Google Photos ऐप में जाकर इस फीचर की उपलब्धता देख सकते हैं।

कैसे इस्तेमाल करें यह फीचर?

  • Google Photos के Create टैब में जाएं।
  • ऊपर दिख रहे पहले विकल्प Video Remix पर टैप करें।
  • यहां कई तरह के AI इफेक्ट्स दिखेंगे, अपने पसंदीदा इफेक्ट पर टैप करें।
  • जिस वीडियो पर इफेक्ट लगाना चाहते हैं उसे सिलेक्ट करें।
  • Generate पर क्लिक करें।
  • कुछ ही सेकंड्स में आपकी वीडियो तैयार हो जाएगी, जिसे आप सेव और शेयर कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें: Nothing Phone 4a vs Nothing Phone 4b: डिज़ाइन, कैमरा, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By