भारत सरकार ने देश में राइड-हेलिंग सेक्टर को नई दिशा देने के लिए Bharat Taxi App लॉन्च किया है। यह भारत का पहला ऐसा सरकारी टैक्सी ऐप है, जो पूरी तरह सहकारी (Cooperative) मॉडल पर काम करता है। इस प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें ड्राइवर सिर्फ सेवा देने वाले नहीं बल्कि इसके असली मालिक होते हैं, जिन्हें सम्मान के साथ सारथी कहा जाता है। Bharat Taxi App के ज़रिए कैब, ऑटो और बाइक टैक्सी बुक की जा सकती है और फिलहाल इस पर रोज़ाना 10 हजार से ज़्यादा राइड्स पूरी की जा रही हैं, जबकि 3 लाख से अधिक ड्राइवर रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।
Bharat Taxi App का पूरा कॉन्सेप्ट ड्राइवर-फर्स्ट सोच पर आधारित है। निजी ऐप्स जैसे Ola, Uber और Rapido में जहां ड्राइवरों की कमाई से 20–30% तक कमीशन काट लिया जाता है, वहीं Bharat Taxi App में 0% कमीशन रखा गया है। यानी राइड से मिलने वाला पूरा पैसा सीधे ड्राइवर के खाते में जाता है। इसके अलावा ऐप में सर्ज प्राइसिंग नहीं है, किराया पूरी तरह पारदर्शी है और कोई छिपे हुए चार्ज नहीं लगाए जाते। यही वजह है कि यह मॉडल ड्राइवरों के लिए ज्यादा फायदेमंद और टिकाऊ माना जा रहा है।
भारत टैक्सी एप सिर्फ शहर के अंदर की राइड तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आउटस्टेशन, वन-वे ट्रैवल और राउंड ट्रिप जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं। सरकार की तरफ से ड्राइवरों को 5 लाख रुपये का एक्सीडेंट इंश्योरेंस और परिवार के लिए हेल्थ इंश्योरेंस जैसी सुरक्षा भी दी जा रही है, जो इसे प्राइवेट टैक्सी प्लेटफॉर्म्स से बिल्कुल अलग बनाती है।
महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण Bharat Taxi App का एक अहम हिस्सा है। इसमें Bike Didi प्रोग्राम के तहत महिलाओं को बाइक टैक्सी ड्राइवर बनने का मौका दिया जा रहा है। साथ ही महिला यात्री के लिए महिला ड्राइवर चुनने का ऑप्शन, SOS बटन, लाइव ट्रैकिंग और इमरजेंसी अलर्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं। दिल्ली जैसे शहरों में पुलिस सहयोग और स्पेशल पुलिस बूथ की व्यवस्था भी की गई है, जिससे महिलाओं का भरोसा और मजबूत होता है।
यात्री के तौर पर Bharat Taxi App इस्तेमाल करना भी काफी सरल है। ऐप डाउनलोड कर मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करें, पिक-अप और ड्रॉप लोकेशन डालें और अपनी जरूरत के हिसाब से कैब, ऑटो या बाइक टैक्सी बुक करें।
किराया पहले ही स्क्रीन पर दिख जाता है और यात्रा के दौरान कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता। कुल मिलाकर Bharat Taxi App सरकार की एक ऐसी पहल है, जो ड्राइवरों की कमाई बढ़ाने के साथ-साथ यात्रियों को सस्ता, सुरक्षित और भरोसेमंद ऑप्शन देने का प्रयास कर रहा है।
Bharat Taxi App पर ड्राइवर बनना भी बेहद आसान है। ड्राइवर Google Play Store या Apple App Store से Bharat Taxi Driver या BharatCabs Pilot ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, मोबाइल नंबर से OTP वेरिफिकेशन करके अपनी बेसिक जानकारी, व्हीकल की डिटेल्स, ड्राइविंग लाइसेंस, RC और पुलिस वेरिफिकेशन डॉक्यूमेंट्स अपलोड कर सकते हैं। DigiLocker के जरिए डॉक्यूमेंट्स वेरीफाई होते हैं और अप्रूवल मिलते ही ड्राइवर राइड्स शुरू कर सकता है। पूरी प्रक्रिया घर बैठे कुछ ही मिनटों में हो जाती है।