Jio vs Airtel vs Vi: 84 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान्स की तुलना, जानें किसे खरीदने में है फायदा

Updated on 12-Feb-2026

Jio vs Airtel vs Vi: भारत में प्राइवेट टेलीकॉम सेक्टर में Reliance Jio, Bharti Airtel और Vodafone Idea (Vi) तीन प्रमुख कंपनियां हैं। इन तीनों कंपनियों के कई प्लान एक-दूसरे से मिलते-जुलते हैं। आज हम एक ऐसे प्लान की तुलना कर रहे हैं जिसकी मांग लगभग हमेशा बनी रहती है। यह प्लान रोजाना 1.5GB डेटा ऑफर करता है। यहां हम यह जानने की कोशिश करेंगे कि ग्राहकों के लिए इन तीनों में से कौन-सा विकल्प बेहतर है और किस कंपनी को चुनना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। एयरटेल और वोडाफोन आइडिया का यह प्लान 859 रुपये में आता है, जबकि रिलायंस जियो का प्लान 799 रुपये में उपलब्ध है।

कीमत के लिहाज से देखें तो जियो का प्लान एयरटेल और Vi की तुलना में करीब 7.50 प्रतिशत सस्ता है। साथ ही, 4G कवरेज के मामले में भी जियो को बढ़त हासिल है, जिससे शुरुआत में ही यह ग्राहकों के लिए आकर्षक विकल्प बन जाता है। अब आइए तीनों प्लान के फायदे विस्तार से समझते हैं।

Jio का 84 दिन वाला प्लान

रिलायंस जियो का 799 रुपये वाला प्लान 84 दिनों की वैलिडिटी के साथ आता है। इसमें प्रतिदिन 1.5GB डेटा, रोज 100 SMS और अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग की सुविधा मिलती है। फेयर यूसेज पॉलिसी (FUP) समाप्त होने के बाद इंटरनेट स्पीड घटकर 64 Kbps रह जाती है। इस प्लान के साथ JioTV और JioAICloud जैसी अतिरिक्त सेवाएं भी मिलती हैं। हालांकि, इस प्लान में 5G की सुविधा शामिल नहीं है।

Airtel का 84 दिन वाला प्लान

भारती एयरटेल का 859 रुपये वाला प्लान भी 84 दिनों की वैलिडिटी देता है। इसमें भी ग्राहकों को रोज 1.5GB डेटा, 100 SMS प्रतिदिन और अनलिमिटेड कॉलिंग मिलती है। डेटा खत्म होने के बाद स्पीड 64 Kbps हो जाती है। एयरटेल इस प्लान के साथ 12 महीने की वैलिडिटी वाला Adobe Express Premium सब्सक्रिप्शन देता है, जिसकी कीमत लगभग 4,000 रुपये बताई जाती है। इसके अलावा, RewardsMini सब्सक्रिप्शन भी मिलता है, जो एयरटेल पेमेंट्स बैंक के ग्राहकों के लिए उपयोगी हो सकता है।

Vi का 84 दिन वाला प्लान

वोडाफोन आइडिया का 859 रुपये वाला प्लान भी 84 दिनों की वैलिडिटी के साथ 1.5GB डेली डेटा, 100 SMS प्रतिदिन और अनलिमिटेड कॉलिंग ऑफर करता है। इसके अलावा ग्राहकों को Binge All Night, Weekend Data Rollover और Data Delight जैसे अतिरिक्त डेटा लाभ मिलते हैं, जो इस प्लान को अलग बनाते हैं।

किसे खरीदने में है फायदा?

अब सवाल यह है कि सबसे बेहतर प्लान कौन-सा है, तो इसका जवाब पूरी तरह से ग्राहकों की जरूरतों पर निर्भर करता है। जियो कम कीमत और मजबूत 4G कवरेज के कारण अच्छा विकल्प है। वहीं एयरटेल अतिरिक्त प्रीमियम सब्सक्रिप्शन के साथ आता है और Vi डेटा से जुड़े खास लाभ देता है। कुल मिलाकर, तीनों प्लान अपने-अपने फायदों के साथ आते हैं और आखिरी फैसला इस बात पर निर्भर करता है कि यूज़र किस तरह के एक्स्ट्रा बेनिफिट को प्राथमिकता देते हैं।

यह भी पढ़ें: Vadh 2 OTT Release: संजय मिश्रा-नीना गुप्ता की क्राइम थ्रिलर इस ओटीटी पर होगी स्ट्रीम, जानें कब देख सकेंगे

Faiza Parveen

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :