Vivo ने भारत में अपना नया फ्लैगशिप स्मार्टफोन Vivo X300 Ultra लॉन्च कर दिया है। यह डिवाइस सीधे तौर पर Apple के प्रीमियम स्मार्टफोन iPhone 17 Pro Max को टक्कर देने के लिए उतारा गया है। नए Vivo X300 Ultra में दमदार कैमरा सिस्टम, लेटेस्ट Snapdragon प्रोसेसर, बड़ी बैटरी और हाई-एंड डिस्प्ले जैसे फीचर्स दिए गए हैं। आइए जानते हैं कि डिस्प्ले, परफॉर्मेंस, कैमरा, बैटरी और कीमत के मामले में दोनों फ्लैगशिप फोन एक-दूसरे से कितने अलग हैं और कौन किस पर बढ़त लेता है।
Vivo X300 Ultra में 6.82 इंच की LTPO AMOLED डिस्प्ले दी गई है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट के साथ आती है। फोन में डॉल्बी विज़न, HDR10+ और 1 बिलियन कलर्स का सपोर्ट भी मिलता है। इसके अलावा कंपनी ने इसमें 2160Hz PWM डिमिंग और आर्मर ग्लास प्रोटेक्शन दिया है।
वहीं iPhone 17 Pro Max में 6.9 इंच की LTPO सुपर रेटिना XDR OLED डिस्प्ले मिलती है। Apple ने इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट दिया है। फोन की पीक ब्राइटनेस 3000 निट्स तक जाती है और इसकी सुरक्षा के लिए सिरैमिक शील्ड 2 प्रोटेक्शन मौजूद है।
वजन की बात करें तो दोनों स्मार्टफोन काफी भारी हैं। Vivo X300 Ultra का वजन 237 ग्राम तक है, जबकि iPhone 17 Pro Max का वजन 233 ग्राम है।
Vivo X300 Ultra में क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 8 इलीट जेन 5 प्रोसेसर लगाया गया है। यह स्मार्टफोन 16GB तक RAM और 1TB तक स्टोरेज ऑप्शन के साथ आता है। डिवाइस एंड्राइड 16 आधारित OriginOS 6 पर काम करता है।
दूसरी तरफ iPhone 17 Pro Max में Apple का A19 Pro चिपसेट मिलता है और यह iOS 26 पर चलता है। दोनों फ्लैगशिप स्मार्टफोन Wi-Fi 7, सैटेलाइट कम्युनिकेशन और कई प्रीमियम कनेक्टिविटी फीचर्स को सपोर्ट करते हैं।
फोटोग्राफी के लिए Vivo X300 Ultra में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 200 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर मिलता है, जो गिंबल स्टेबलाइजेशन सपोर्ट के साथ आता है। इसके अलावा फोन में 200 मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस और 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड कैमरा भी मौजूद है। Vivo ने कैमरा एक्सपीरियंस बेहतर बनाने के लिए Zeiss के साथ साझेदारी की है और कंपनी ऑप्शनल एक्सटर्नल जूम लेंस भी ऑफर कर रही है।
वहीं iPhone 17 Pro Max में Apple का ट्रिपल 48 मेगापिक्सल कैमरा सेटअप दिया गया है। फोन में बेहतर कम्प्यूटेशनल फोटोग्राफी, ProRes RAW रिकॉर्डिंग और डॉल्बी विज़न सपोर्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं।
बैटरी के मामले में Vivo X300 Ultra काफी आगे नजर आता है। इसमें 6600mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 100W वायर्ड और 40W वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट करती है। दूसरी तरफ iPhone 17 Pro Max में 4823mAh की बैटरी मिलती है।
भारत में Vivo X300 Ultra के 16GB RAM और 512GB स्टोरेज वेरिएंट की शुरुआती कीमत 1,59,999 रुपये रखी गई है। वहीं Vivo Zeiss टेलीफोटो एक्सटेंडर को खरीदने के लिए ग्राहकों को अतिरिक्त 27,999 रुपये खर्च करने होंगे।
दूसरी ओर iPhone 17 Pro Max की शुरुआती कीमत 256GB वेरिएंट के लिए 1,49,900 रुपये है। इसका टॉप 1TB मॉडल 1,89,900 रुपये तक जाता है।