अगर आपके TV में बार-बार दिक्कत आ रही है, तो जरूरी नहीं कि गलती TV की ही हो. असली समस्या उस जगह में हो सकती है जहां आपने उसे लगाया है. गलत लोकेशन पर TV लगाने से उसकी परफॉर्मेंस पर बुरा असर पड़ता है.
हाल ही में Reddit पर भी ऐसे कई केस सामने आए जहां यूजर्स ने बताया कि उनके TV में खराबी मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट की वजह से नहीं, बल्कि गलत जगह लगाने के कारण आई. एक्सपर्ट्स से बात करने पर भी यही सामने आया कि कुछ खास जगहों पर TV लगाना लगभग तय कर देता है कि वह जल्दी खराब होगा.
अगर आपने TV को ऐसी दीवार पर लगाया है जहां नमी या सीलन रहती है, तो यह लगभग तय है कि वह जल्दी खराब होगा.
ऐसी दीवारों में मौजूद नमी धीरे-धीरे TV के अंदर तक पहुंच जाती है. इससे इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स में करंट गड़बड़ तरीके से फैल सकता है, जिससे सर्किट खराब होने का खतरा बढ़ जाता है. इतना ही नहीं, नमी की वजह से TV स्क्रीन पर फंगस भी बन सकता है, जिससे डिवाइस जल्दी खराब हो जाता है. इसलिए हमेशा TV को सूखी, मजबूत और साफ दीवार पर ही लगाना चाहिए.
अगर TV को सीधे एयर कूलर के सामने रखा गया है, तो उसके खराब होने की संभावना काफी बढ़ जाती है. कूलर से निकलने वाली हवा में नमी होती है, यानी छोटे-छोटे पानी के कण होते हैं. जब यह नमी लगातार TV पर पड़ती है, तो यह उसके अंदर के इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स को नुकसान पहुंचाती है. एक TV रिपेयर एक्सपर्ट के अनुसार, गर्मियों में जितने TV खराब होते हैं, उतने पूरे साल में नहीं होते, और इसकी सबसे बड़ी वजह कूलर का इस्तेमाल है.
इससे TV की सर्किटरी और स्क्रीन दोनों पर असर पड़ता है, जिससे ओवरहीटिंग या पूरी तरह फेल होने की समस्या आ सकती है. इसलिए TV को हमेशा कूलर की सीधी हवा से दूर रखना चाहिए.
अगर आपने TV को किसी बंद कैबिनेट या अलमारी में लगा रखा है, जहां हवा का आना-जाना नहीं है, तो यह जल्दी ओवरहीट हो सकता है. लगातार ओवरहीट होने से TV की मदरबोर्ड और सर्किट जलने का खतरा बढ़ जाता है. बिना वेंटिलेशन के TV चलाना ऐसा है जैसे गर्मी में बिना पंखे के कमरे में बैठना. इस वजह से TV के आसपास पर्याप्त खुली जगह होनी चाहिए ताकि हवा आसानी से पास हो सके और डिवाइस ठंडा रह सके.
अगर आपने TV को ऐसी दीवार पर लगाया है जो बाथरूम से लगी हुई है, तो यह भी एक बड़ी गलती है. बाथरूम से निकलने वाली भाप और नमी दीवार के जरिए धीरे-धीरे TV तक पहुंच सकती है, खासकर अगर वॉटरप्रूफिंग सही नहीं हुई हो. यह नमी TV के अंदर जाकर उसकी वायरिंग और सर्किट को नुकसान पहुंचाती है. हमेशा TV को ऐसी दीवार पर लगाएं जो बाथरूम से दूर हो और पूरी तरह सूखी हो.
आजकल ओपन किचन का ट्रेंड बढ़ रहा है, और कई लोग किचन में ही TV लगा देते हैं. लेकिन किचन के पास TV रखना बड़ी गलती है. खाना बनाते समय निकलने वाली भाप, तेल के कण और गर्मी TV पर बुरा असर डालते हैं. इससे TV के अंदर गंदगी जमा होती है और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स जल्दी खराब होने लगते हैं. इतना ही नहीं, नमी और तेल मिलकर स्क्रीन को चिपचिपा भी बना देते हैं. जिसकी वजह से TV को हमेशा किचन से दूर, साफ और सूखी जगह पर लगाना चाहिए.
यह भी पढ़ें: फौरन मिलेगा ट्रेन का तत्काल टिकट, बड़े काम की है ये छोटी-सी ट्रिक, आज ही नोट कर लें तरीका