दिन-रात बेधड़क चलाएं AC, बिजली बिल पर नहीं पड़ेगा कोई खास असर! जान लें ये सीक्रेट, तीसरी वाली सबसे जरूरी

Updated on 12-Jun-2025

Reduce AC Electricity Bill: हर साल गर्मियों के आते ही दो बड़ी चिंताएं हर घर में दस्तक देती हैं. एक, भयानक गर्मी से कैसे बचा जाए और दूसरी लगातार चलने वाले एयर कंडीशनर से आने वाले भारी-भरकम बिजली के बिल से कैसे निपटा जाए. आज के समय में अधिकांश घरों में एक से अधिक AC हैं और चिलचिलाती गर्मी में वे घंटों चलते हैं. ऐसे में हर महीने बिजली के बिल का बोझ बढ़ना स्वाभाविक है.

हालांकि, आजकल बाजार में आने वाले नए मॉडल ऊर्जा की बचत करने वाले होते हैं, लेकिन बढ़ते तापमान और वर्क फ्रॉम होम कल्चर के कारण AC का इस्तेमाल ज्यादा होने लगा है. ऐसे में अगर आप बिजली की खपत और खर्च दोनों घटाना चाहते हैं तो कुछ आसान उपायों से इसे संभव किया जा सकता है. इसके लिए आपको बस कुछ स्टेप्स फॉलो करने होंगे. यहां पर बताए गए तरीके से आप AC इस्तेमाल करेंगे तो भी आपका बिजली बिल ज्यादा नहीं आएगा.

जब इस्तेमाल में न हो तो AC को मेन स्विच से बंद करें

अक्सर लोग AC को रिमोट से बंद कर देते हैं, लेकिन यह पूरी तरह बंद नहीं होता. इसका कंप्रेसर स्टैंडबाय मोड में चलता रहता है जिससे बिजली की खपत होती रहती है. इस वजह से AC का इस्तेमाल न हो तो उसे मेन स्विच से पूरी तरह बंद कर दें. साथ ही रात में टाइमर लगाकर सोएं जिससे ठंडक के बाद खुद-ब-खुद बंद हो जाए. इससे मशीन भी सुरक्षित रहती है और बिजली की खपत भी कम होती है.

तापमान को 24 डिग्री पर सेट करें

बहुत से लोग सोचते हैं कि कम तापमान पर सेट करने से जल्दी ठंडक मिलेगी, लेकिन यह गलतफहमी है. ऊर्जा मंत्रालय के बीईई (Bureau of Energy Efficiency) के अनुसार 24 डिग्री मानव शरीर के लिए आदर्श तापमान है. इस तापमान पर बिजली की खपत भी कम होती है और मशीन की उम्र भी लंबी रहती है.

खिड़कियों को सील करें

जब AC चल रहा हो, तब दरवाजों के साथ-साथ खिड़कियों को भी ठीक से बंद और सील करें ताकि ठंडी हवा बाहर न निकले और गर्मी अंदर न आए. मोटे पर्दों का इस्तेमाल करें ताकि धूप और गर्मी अंदर न आए, जिससे AC पर लोड बढ़ता है और बिजली की खपत बढ़ती है.

AC के साथ पंखा चलाएं

AC के साथ पंखा चलाने से ठंडी हवा पूरे कमरे में समान रूप से फैलती है. इससे कमरे में ठंडक जल्दी होती है और AC पर लोड कम होता है, जिससे बिजली की बचत होती है. सबसे पहले कुछ देर पंखा चलाएं, फिर AC चालू करें ताकि गर्म हवा निकल जाए और ठंडक प्रभावी हो.

समय-समय पर सर्विस करवाएं

AC की नियमित सर्विस बहुत जरूरी है, खासकर भारत जैसे देशों में जहां धूल और प्रदूषण ज्यादा है. जब AC को लंबे समय तक इस्तेमाल नहीं किया जाता तो उसमें गंदगी जम जाती है जिससे उसकी कार्यक्षमता घट जाती है. सर्विस करवाने से मशीन साफ होती है और कम बिजली में अधिक ठंडक देती है.

अगर आप अपने बिजली के बिल को कम करना चाहते हैं तो ऊपर बताए गए आसान उपायों को अपनाकर आप न सिर्फ खर्च में कटौती कर सकते हैं बल्कि पर्यावरण की भी मदद कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: बिना वारंट सरकार देख सकेगी आपका सारा डेटा! ईमेल से सोशल मीडिया तक का होगा एक्सेस, नया नियम जानते हैं आप?

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :