अब घर बैठे लें PNG Gas Connection, ऑनलाइन अप्लाई का पूरा तरीका और जरूरी डॉक्यूमेंट्स की लिस्ट, देखें संपूर्ण डिटेल्स

आजकल LPG सिलेंडर की दिक्कत, कीमत और बार-बार बुकिंग के झंझट से लोग परेशान हो रहे हैं, या हो चुके हैं, कुछ भी कह सकते हैं। जाहिर है कि देश में LPG की किल्लत बढ़ रही है, ऐसे में सरकार ने परेशानी को भांप लिया और लोगों को PNG Gas यानि (Piped Natural Gas) की ओर शिफ्ट होने के आदेश जारी कर दिए हैं। असल में, देश में पाइपलाइन उपलब्ध है, हो सकता है कि यह सभी राज्यों और सभी इलाकों में उपलब्ध न हो लेकिन इसके बाद भी जिन इलाकों में भी यह है, उन सभी इलाकों में अब PNG Gas कनेक्शन लेना जरूरी हो चुका है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि PNG में सिलेंडर की जरूरत नहीं पड़ती, गैस पाइप से सीधे घर तक आती है, आप जितना खर्च कर रहे हैं, उसका बिल आता है, मैंने जिससे भी बात की है उसका यही कहना है कि LPG Cylinder के मुकाबले यह बेहद ही सस्ती है। जहां LPG Cylinder के लिए ग्राहकों को हर महीने लगभग लगभग 1000 रुपये के आसपास का खच करना पड़ता है, PNG Gas में ये काम केवल 500 रुपये के अंदर के प्राइस में हो जाता है। इसे आप एक किफायती गैस के तौर पर भी देख सकते हैं।

हालांकि, एक बड़ा सवाल यह भी है कि आपके इलाके में PNG Gas की लाइन होने के बाद भी बहुत से लोगों को यह पता ही नहीं होता है कि इसका कनेक्शन कैसे लेना है। इसके लिए आवेदन कैसे करना है, किन दस्तावेजों की जरूरत होती है, कितना खर्च आता है आदि आदि। आपकी इन समस्याओं के हल के लिए ही हमने सभी जानकारी यहाँ इकट्ठा की है। आइए सभी सवालों के जवाब आसान भाषा में आपको देते हैं।

पता करें कि आपके इलाके में PNG Gas Pipeline है या नहीं!

सबसे पहले आपको यह पता करना होगा कि आपके इलाके में PNG की सुविधा है या नहीं। हर शहर में अलग-अलग कंपनी PNG कनेक्शन देती है। जैसे दिल्ली-NCR में Indraprastha Gas Limited, मुंबई में Mahanagar Gas Limited, गुजरात के कई शहरों में Gujarat Gas, कुछ शहरों में Adani Total Gas और कई जगह GAIL Gas Limited PNG कनेक्शन देते हैं। आपको अपने शहर की गैस कंपनी की वेबसाइट पर जाकर अपना पिन कोड डालकर इस बात को चेक करना है कि आपके इलाके में पाइपलाइन डली हुई है कि नहीं। जवाब हाँ में है तो आइए जानते हैं कि आखिर आगे आपको क्या करना होगा।

आवेदन के लिए क्या करना होता है?

अगर आपके इलाके में पाइपलाइन है, तो आप ऑनलाइन या कंपनी के ऑफिस जाकर आवेदन कर सकते हैं। यह बड़ा ही आसान सा प्रोसेस होता है। अब इस काम के लिए आपको किन दस्तावेजों की जरूरत होती है, इस सवाल के जवाब के लिए चलिए आगे चलते हैं।

किन दस्तावेजों की होती है जरूरत?

अगर आप ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से PNG Gas के लिए आवेदन करने जा रहे हैं तो आपको यह सुनिश्चित करना होता है कि आपके पास उस जगह का आधार कार्ड, पता प्रमाण और घर के कागज (मकान मालिकाना या रेंट एग्रीमेंट) होने चाहिए। अगर ये सब है तो आइए अब आगे क्या करना है, आपको बताते हैं।

ऑनलाइन PNG Gas Connection के लिए आवेदन कैसे करें?

अगर आप ऑनलाइन दिल्ली-NCR में आवेदन करना चाहते हैं तो आपको IGL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद आपको Customer Zone पर क्लिक करके आगे बढ़ना है। यहाँ आपको अपना नाम, मोबाइल नंबर, और उस घर का पता दर्ज करना होगा, जहां आपको PNG Gas Connection चाहिए। यहाँ आपको जिन दस्तावेजों का जिक्र ऊपर किया जा चुका है, उन्हें स्कैन करके अपलोड करना है; जैसे आपका आधार कार्ड, राशन कार्ड, कोई पहचान पत्र या घर के अड्रेस प्रूफ के लिए रेजिस्ट्री या बिजली का बिल। इसके बाद आपको ऑनलाइन ही पेमेंट करनी होती, उसकी जानकारी आपको नीचे मिल जाएगी कि आपको कितना पैसा जमा करना होता है। इतना करने के बाद आप अपनी ऐप्लीकेशन को सबमिट कर सकते हैं। ऐसा ही कुछ आप ऑफिस जाकर भी कर सकते हैं। इसका ऑफलाइन प्रोसेस भी इतना ही आसान है।

कितना खर्च आता है?

सभी का एक बड़ा सवाल PNG को लेकर जो इस समय इंटरनेट पर चल रहा है वह यह है कि आखिर PNG Gas Connection लेने में कितना खर्च होता है। आइए इस सवाल का जवाब भी प्राप्त करते हैं। असल में अगर आप PNG Gas Connection लेने जा रहे हैं तो आपको यह जानकारी होना जरूरी भी है। PNG कनेक्शन के लिए एक सिक्योरिटी डिपॉजिट जरूर देना होता है जो आमतौर पर 5,000 रुपये से से 10,000 रुपये के बीच हो सकता है। अलग अलग कंपनियों के लिए यह अलग अलग हो सकता है। उदाहरण के लिए, कुछ शहरों में करीब 7,000 रुपये का सिक्योरिटी डिपॉजिट लिया जाता है, जो बाद में रिफंडेबल होता है। इसमें पाइपलाइन और मीटर इंस्टॉलेशन का बेसिक खर्च शामिल होता है।

फीस देने के बाद क्या होता है?

जब आप आवेदन की प्रक्रिया को पूरा कर चुके हैं और पेमेंट भी दे चुके हैं तो इसके बाद कंपनी आपके घर का निरीक्षण करती है। अगर सब ठीक रहता है, तो टेक्नीशियन आकर पाइपलाइन और गैस मीटर लगा देते हैं और सेफ्टी चेक के बाद गैस सप्लाई शुरू हो जाती है। जिन इलाकों में पहले से पाइपलाइन है, वहां 7–15 दिन में कनेक्शन मिल सकता है। नए इलाकों में थोड़ा समय लग सकता है।

क्या है PNG Gas का सबसे बड़ा फायदा?

PNG का सबसे बड़ा फायदा यह है कि गैस कभी खत्म नहीं होती है, सिलेंडर बुक करने की जरूरत नहीं पड़ती है और हर महीने जितनी गैस इस्तेमाल करो केवल उतना ही बिल आता है। कई शहरों में PNG सिलेंडर से सस्ती भी पड़ती है, इस बारे में मैं आपको ऊपर जानकारी दे चुका हूँ। हालांकि, एक जरूरी बात, आपको यह भी ध्यान में रखना है कि कई इलाकों में यह सुविधा होती ही नहीं है। ऐसे में आपको अपने शहर या गाँव में इस बात की जांच जरूर करनी है कि आपके इलाके में यह सुविधा है या नहीं।

नोट: इस आर्टिकल में AI इमेजेस का इस्तेमाल हुआ है!

यह भी पढ़ें: Ram Navami 60+ Wishes in Hindi 2026: सभी को भेजे ये श्रीराम वाले मैसेज, वीडियो और व्हाट्सएप स्टेटस..चुटकियों में होते हैं डाउनलोड

Ashwani Kumar

Ashwani Kumar has been the heart of Digit Hindi for nearly nine years, now serving as Senior Editor and leading the Vernac team with passion. He’s known for making complex tech simple and relatable, helping millions discover gadgets, reviews, and news in their own language. Ashwani’s approachable writing and commitment have turned Digit Hindi into a trusted tech haven for regional readers across India, bridging the gap between technology and everyday life.

Connect On :