ऑनलाइन कंटेंट को लेकर सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने पांच OTT प्लेटफॉर्म को ब्लॉक करने का आदेश दिया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इन प्लेटफॉर्म पर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री स्ट्रीम की जा रही थी, जिसके बाद कार्रवाई की गई। सरकार की यह कार्रवाई आईटी एक्ट के तहत तय प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई है। आइए जानते है कि आखिर किन प्लेटफॉर्म्स पर गाज गिरी है।
जिन OTT प्लेटफॉर्म को ब्लॉक किया गया है, उनमें MoodXVIP, Koyal Playpro, Digi Movieplex, Feel और Jugnu शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इन प्लेटफॉर्म पर मुख्य रूप से अश्लील और पोर्नोग्राफिक कंटेंट प्रसारित किया जा रहा था। सरकार ने इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स (ISPs) को निर्देश दिया है कि वे इन प्लेटफॉर्म तक सार्वजनिक पहुंच को प्रतिबंधित करें।
इस तरह की कार्रवाई सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत की जाती है। यह वही प्रावधान है जिसके जरिए सरकार किसी वेबसाइट या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को राष्ट्रीय सुरक्षा, सार्वजनिक व्यवस्था या कानून के उल्लंघन के आधार पर ब्लॉक कर सकती है। सूत्रों के अनुसार, इन प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कॉन्टेन्ट आईटी एक्ट की धारा 67 और 67A, भारतीय दंड संहिता की धारा 292 तथा महिलाओं के अशोभनीय प्रतिनिधित्व (निषेध) अधिनियम, 1986 के प्रावधानों का उल्लंघन करती थी।
पिछले साल भी सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 25 OTT प्लेटफॉर्म को ब्लॉक करने का निर्देश दिया था। इनमें कुछ लोकप्रिय नाम भी शामिल थे, जिन पर अश्लील कॉन्टेन्ट प्रसारित करने के आरोप लगे थे। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) से मिली शिकायतों के आधार पर कई प्लेटफॉर्म की जांच की गई थी। इसके बाद यह कार्रवाई की गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्र सरकार ऑनलाइन अश्लीलता और आपत्तिजनक कंटेंट को नियंत्रित करने के लिए आईटी (डिजिटल कोड) नियम 2026 का मसौदा तैयार कर रही है। इस मसौदे में डिजिटल कंटेंट को आयु-आधारित वर्गीकरण के दायरे में लाने का प्रस्ताव है। साथ ही अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) के तहत अधिकारों को संतुलित रखते हुए ‘उचित प्रतिबंध’ लागू करने पर भी जोर दिया गया है।
सरकार की इस कार्रवाई का सीधा असर उन प्लेटफॉर्म के यूजर्स पर पड़ेगा, जो इन सेवाओं का इस्तेमाल कर रहे थे। साथ ही यह संकेत भी है कि आने वाले समय में ऑनलाइन कंटेंट पर नियम और कड़े हो सकते हैं। OTT सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी और कानूनी पालन भी उतना ही जरूरी हो गया है।
यह भी पढ़ें: Samsung Galaxy S26 Ultra के लॉन्च से ठीक पहले धम्म करके गिरी S25 Ultra की कीमत, अब इतने में मिल रहा फोन