Gold Silver Prices Today (30 अप्रैल 2026): आज फिर लुढ़का सोना, चांदी सस्ती हुई या महंगी? जानें

By

Gold Silver Prices Today: 30 अप्रैल 2026 को भारत में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, जिसकी बड़ी वजह पश्चिम एशिया में जारी तनाव माना जा रहा है। आज मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट सोने के वायदा भाव में बढ़त दर्ज की गई। बाजार खुलते ही सोना 0.29 प्रतिशत यानी करीब 430 रुपये महंगा होकर 1,49,480 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, गुडरिटर्न्स के आंकड़ों के अनुसार शुद्ध सोना 1,50,590 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है।

आज का सोने का भाव

इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों में सुबह तक इसका भाव 1,47,973 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोने की कीमत घटकर 4,573.75 डॉलर प्रति औंस रह गई है। वहीं, अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक दिल्ली में टैक्स सहित 24 कैरेट सोने का रेट 1,52,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। हालांकि, यह अभी भी अपने 29 जनवरी के रिकॉर्ड स्तर 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे है।

बुधवार का सोने का भाव

अगर पिछले दिन की बात करें तो बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने के दाम में तेज गिरावट देखने को मिली थी। कीमत में 1,500 रुपये की कमी आई और यह 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना लगभग 1 प्रतिशत गिरकर 1,52,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ, जबकि इससे पहले यह 1,54,300 रुपये प्रति 10 ग्राम था। वैश्विक बाजार में भी सोने की कीमत में गिरावट आई और यह 23.31 डॉलर यानी 0.51 प्रतिशत कम होकर 4,573.75 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार, जनवरी से मार्च तिमाही के दौरान भारत में सोने की मांग में सालाना आधार पर 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 151 टन तक पहुंच गई।

आज का चांदी का भाव

चांदी के दामों में भी इसी तरह की हलचल देखने को मिली। दिल्ली में अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार चांदी की कीमत बढ़कर 2,44,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। वहीं MCX पर चांदी का वायदा भाव 0.44 प्रतिशत यानी 1,028 रुपये की तेजी के साथ 2,34,228 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया। पिछले सत्र में यह 2,33,200 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ था। IBJA के मुताबिक सुबह तक चांदी का रेट 2,36,300 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया, जबकि गुडरिटर्न्स के अनुसार यह 2,55,000 रुपये प्रति किलो के करीब है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हाजिर चांदी की कीमत गिरकर 72.99 डॉलर प्रति औंस पर आ गई है।

ध्यान देने वाली बात है कि 29 जनवरी को चांदी का वायदा भाव इस साल के सबसे ऊंचे स्तर 4,20,048 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया था।

बुधवार का चांदी का भाव

पिछले कारोबारी दिन चांदी की कीमतों में हल्की बढ़त दर्ज की गई थी। दिल्ली में यह 500 रुपये महंगी होकर 2,44,500 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंची, जबकि मंगलवार को इसका भाव 2,44,000 रुपये प्रति किलोग्राम था। वैश्विक बाजार में चांदी में मामूली कमजोरी रही और यह 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72.99 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By