महंगा हो रहा है FASTag का एनुअल पास, चेक करें नया चार्ज, जानें ऑनलाइन अप्लाई करने का आसान तरीका, सस्ते में होगा काम

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने FASTag Annual Pass की फीस में बढ़ोतरी का ऐलान किया है. इस बढ़ोतरी के बाद अब इस पास की कीमत 3,000 रुपये से बढ़ाकर 3,075 रुपये कर दी गई है. नई कीमत 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी, जो कि वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत भी है.

हालांकि, यह बढ़ी हुई फीस केवल उन निजी यानी नॉन-कमर्शियल वाहनों पर लागू होगी जो FASTag Annual Pass का उपयोग करते हैं. यह संशोधन National Highways Fee (Determination of Rates and Collection) Rules, 2008 के तहत किया गया है.

पिछले साल हुआ था लॉन्च

FASTag Annual Pass को 15 अगस्त 2025 को लॉन्च किया गया था और तब से यह निजी वाहन मालिकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हुआ है. फिलहाल 56 लाख से अधिक यूजर्स इस सुविधा का इस्तेमाल कर रहे हैं. इस पास के जरिए नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर टोल भुगतान आसान हो जाता है और बार-बार रिचार्ज की जरूरत नहीं पड़ती है.

अब कीमत बढ़ने से पहले जो लोग इस पास का इस्तेमाल कर रहे हैं या लेने की योजना बना रहे हैं, उनके पास 1 अप्रैल से पहले इसे खरीदकर कुछ पैसे बचाने का मौका है. क्योंकि एक बार नई कीमत लागू हो गई, उसके बाद सभी नए खरीदारों को ज्यादा भुगतान करना होगा.

काफी आसान है FASTag Annual Pass खरीदना

इस Annual Pass को ऑनलाइन खरीदना भी काफी आसान है. यूजर्स NHAI की आधिकारिक वेबसाइट या Rajmarg Yatra मोबाइल ऐप के जरिए इसे खरीद सकते हैं. वेबसाइट के जरिए खरीदने के लिए पहले यूजर को लॉगिन करना होता है, फिर FASTag Annual Pass सेक्शन में जाकर अपने वाहन या FASTag की जानकारी डालनी होती है. इसके बाद एलिजिबिलिटी कन्फर्म करके पेमेंट करने पर पास एक्टिव हो जाता है.

वहीं Rajmarg Yatra ऐप के जरिए भी यही प्रक्रिया अपनाई जाती है. जिसमें यूजर अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन करके FASTag अकाउंट लिंक कर सकता है और Annual Pass सेक्शन में जाकर वाहन चुनकर पेमेंट पूरा कर सकता है.

FASTag Annual Pass का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें यूजर्स को हर बार टोल के लिए अलग से भुगतान या रिचार्ज नहीं करना पड़ता. यह पास एक बार के भुगतान पर एक साल या 200 टोल क्रॉसिंग तक मान्य होता है, जो भी पहले पूरा हो जाए. यह सुविधा देशभर के लगभग 1,150 टोल प्लाजा पर लागू होती है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह काफी सुविधाजनक विकल्प बन जाता है.

यह भी पढ़ें: गर्मी शुरू होते ही AC की करवानी है सर्विसिंग? ये 6 चीजें जरूर करवाइए चेक, वर्ना मैकेनिक लगा देगा चूना

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :