EPFO 3.0 से चुटकियों में मिलेगा PF का एक्सेस, UPI से फौरन निकाल पाएंगे पैसे, करोड़ों लोगों को होगा बंपर फायदा

HIGHLIGHTS

EPFO जल्द UPI के जरिए PF निकासी की सुविधा शुरू कर सकता है.

UMANG ऐप पर पात्र राशि देखकर सीधे बैंक खाते में पैसा ट्रांसफर किया जा सकेगा.

नई व्यवस्था के तहत PF निकासी प्रक्रिया पहले से कहीं तेज और आसान होगी.

Employees’ Provident Fund Organisation जल्द अपने करोड़ों सदस्यों के लिए एक बड़ा बदलाव करने जा रहा है. नई व्यवस्था के तहत कर्मचारी अपने EPF खाते से पात्र राशि सीधे UPI के जरिए निकाल सकेंगे. श्रम एवं रोजगार मंत्री Mansukh Mandaviya ने हाल ही में बताया कि UPI पेमेंट गेटवे की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है और यह सुविधा जल्द शुरू की जाएगी. नई व्यवस्था EPFO 3.0 का हिस्सा होगी, जिसका उद्देश्य PF निकासी प्रक्रिया को पहले से कहीं अधिक तेज और आसान बनाना है.

UPI से सीधे बैंक खाते में आएगा पैसा

मंत्री के अनुसार EPF निकासी के लिए UPI आधारित प्रणाली की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है. इस सुविधा के शुरू होने के बाद सदस्य अपनी पात्र राशि सीधे अपने लिंक बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे. इसके लिए लंबी क्लेम प्रक्रिया और कई दिनों तक इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी.

EPFO 3.0 क्या बदलेगा?

फिलहाल PF निकासी में कई मामलों में 7 से 10 दिन तक का समय लग जाता है. एक लाख रुपये से अधिक की निकासी पर अतिरिक्त सत्यापन की जरूरत पड़ सकती है. इसके अलावा दस्तावेजों में छोटी गलती भी आवेदन को अटका सकती है. EPFO 3.0 के तहत प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस बनाने की तैयारी है, जिससे निकासी का समय काफी कम हो जाएगा.

UMANG ऐप से मिलेगी पूरी जानकारी

नई सुविधा लागू होने के बाद सदस्य UMANG ऐप के जरिए यह देख सकेंगे कि उनके खाते से कितनी राशि निकासी के लिए उपलब्ध है. ऐप में पात्र राशि अलग से दिखाई जाएगी, जिससे यूजर्स को यह समझने में आसानी होगी कि वे कितना पैसा निकाल सकते हैं.

कितना पैसा निकाल सकेंगे?

नई व्यवस्था में पूरी PF राशि निकालने की अनुमति नहीं होगी. रिटायरमेंट बचत को सुरक्षित रखने के लिए कुल फंड का कम से कम 25 प्रतिशत हिस्सा PF खाते में लॉक रहेगा. इसका मतलब है कि सदस्य नियमों के अनुसार उपलब्ध 50 से 75 प्रतिशत राशि ही UPI या ATM जैसी सुविधाओं के जरिए निकाल सकेंगे.

किन कामों के लिए मिलेगा फायदा?

EPFO का कहना है कि यह सुविधा बीमारी, शिक्षा, शादी और घर से जुड़ी जरूरतों के लिए PF राशि तक तेजी से पहुंच सुनिश्चित करेगी. नई व्यवस्था के बाद पात्र सदस्य कम समय में अपनी जरूरत के अनुसार पैसा निकाल सकेंगे.

सुविधा लेने के लिए क्या जरूरी होगा?

UPI निकासी सुविधा का लाभ उठाने के लिए सक्रिय UAN होना जरूरी होगा. इसके अलावा Aadhaar और PAN का UAN से लिंक और सत्यापित होना भी आवश्यक है. सदस्य का नाम और जन्मतिथि PF रिकॉर्ड तथा Aadhaar में बिल्कुल समान होना चाहिए. यदि जानकारी मेल नहीं खाती है तो परेशानी हो सकती है.

WhatsApp पर भी मिलेगी PF की जानकारी

EPFO अपने सिस्टम को WhatsApp चैटबॉट के साथ भी जोड़ने की तैयारी कर रहा है. इससे सदस्य सिर्फ एक मैसेज भेजकर अपने PF बैलेंस और निकासी पात्रता की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे.

यह भी पढ़ें: UPI ट्रांजैक्शन हो गया फेल लेकिन अकाउंट से कट गए पैसे? Paytm, PhonePe, GPay और BHIM पर ऐसे मिलेगा रिफंड

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.

Connect On :