करीब 15 साल तक Apple को 3.6 ट्रिलियन डॉलर की वैल्यू तक पहुंचाने के बाद Tim Cook अब CEO पद छोड़ रहे हैं. उनकी जगह अब कंपनी के हार्डवेयर इंजीनियरिंग हेड John Ternus लेंगे. उन्होंने iPhone, iPad और Mac जैसे प्रोडक्ट्स के पीछे अहम भूमिका निभाई है.
Apple ने घोषणा कर दी है कि 1 सितंबर 2026 से John Ternus CEO बन जाएंगे, जबकि Tim Cook Executive Chairman की नई भूमिका में जाएंगे.
John Ternus भले ही Steve Jobs या Tim Cook जितना चर्चित नाम नहीं रहे हों, लेकिन Apple के अंदर उनकी पहचान काफी मजबूत रही है. University of Pennsylvania से मैकेनिकल इंजीनियरिंग करने के बाद उन्होंने 2001 में Apple जॉइन किया था.
उन्होंने शुरुआत Mac के डिस्प्ले डिजाइन से की और बाद में iPhone, iPad, Apple Watch, AirPods और Vision Pro जैसे प्रोडक्ट्स की हार्डवेयर टीम को लीड किया. 2021 में Dan Riccio के पीछे हटने के बाद Ternus ने सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बनकर पूरी हार्डवेयर इंजीनियरिंग संभाली.
Ternus की सबसे बड़ी खासियत उनका इंजीनियरिंग बैकग्राउंड है. उन्होंने दो दशकों से ज्यादा समय हार्डवेयर डेवलपमेंट में बिताया है. 2013 में उन्हें हार्डवेयर इंजीनियरिंग का वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया और 2021 में वह कंपनी के टॉप हार्डवेयर लीडर बन गए. उनकी लीडरशिप स्टाइल को स्थिर, स्पष्ट और टीम को आगे बढ़ाने वाला माना जाता है.
Tim Cook ने 2011 में Steve Jobs के बाद कंपनी की कमान संभाली थी. उनके नेतृत्व में Apple की मार्केट वैल्यू करीब 350 बिलियन डॉलर से बढ़कर 3.6 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई. कंपनी का मुनाफा 110 बिलियन डॉलर से ज्यादा हो गया और रेवेन्यू 400 बिलियन डॉलर के पार पहुंच गया.
Cook के समय में Apple Watch, AirPods और Vision Pro जैसे प्रोडक्ट लॉन्च हुए और कंपनी ने iCloud, Apple Pay, Apple TV+ और Apple Music जैसी सर्विसेज में भी विस्तार किया.
रिपोर्ट्स के अनुसार John Ternus की नेट वर्थ करीब 75 मिलियन डॉलर (लगभग 698 करोड़ रुपये) है, जो उन्होंने Apple में अपनी लंबी नौकरी के दौरान सैलरी, बोनस और स्टॉक के जरिए कमाई है. CEO बनने के बाद उनकी सैलरी और बेनिफिट्स में बड़ा इजाफा होने की संभावना है. वहीं Tim Cook की नेट वर्थ करीब 3 बिलियन डॉलर बताई जाती है.
John Ternus के सामने सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि क्या वह Apple को नए इनोवेशन के दौर में ले जा पाएंगे या नहीं. 2019 में Jony Ive के जाने के बाद कंपनी के पास पहले जैसा क्रिएटिव लीडर नहीं रहा है. अब Ternus पर जिम्मेदारी होगी कि वह नए प्रोडक्ट कैटेगरी और AI टेक्नोलॉजी में Apple को मजबूत बनाएं.
यह भी पढ़ें: Apple में बड़ा बदलाव, CEO पद से Tim Cook का इस्तीफा, अब 3.6 ट्रिलियन डॉलर की कंपनी संभालेगा ये दिग्गज