Aadhar Card Update 2025: आधार में मोबाइल नंबर बदलवाने का ये है आसान तरीका, चुटकियों में होगा काम

Updated on 27-Jun-2025

आज के डिजिटल इंडिया में Aadhaar कार्ड सिर्फ एक पहचान पत्र नहीं बल्कि आपकी डिजिटल पहचान बन चुका है. चाहे बैंकिंग ट्रांजैक्शन हो, सब्सिडी लेना हो या फिर किसी सरकारी पोर्टल पर लॉगिन करना हो, हर जगह Aadhaar नंबर के साथ रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की जरूरत पड़ती है.

हर ऑनलाइन सर्विस के लिए जो OTP भेजा जाता है, वह उसी नंबर पर आता है जो आपके Aadhaar से लिंक है. ऐसे में अगर आपका पुराना नंबर बंद हो चुका है या आप कोई नया मोबाइल नंबर जोड़ना चाहते हैं तो Aadhaar डेटाबेस में नंबर अपडेट कराना बेहद जरूरी हो जाता है.

पूरा प्रोसेस नहीं होगा ऑनलाइन

हालांकि, कई लोग यह सोचते हैं कि यह काम घर बैठे ऑनलाइन हो जाएगा, लेकिन सच्चाई यह है कि Aadhaar में मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन अनिवार्य होता है. यही वजह है कि यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन संभव नहीं है. आपको नजदीकी Aadhaar Enrolment Centre पर जाना ही पड़ेगा, लेकिन उससे पहले आप अपना अपॉइंटमेंट UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन बुक कर सकते हैं. इस प्रक्रिया को समझना आसान है, बस आपको कुछ स्टेप्स को फॉलो करने होंगे.

स्टेप बाय स्टेप गाइड

सबसे पहले UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. वेबसाइट पर पहुंचते ही आपको भाषा चुनने का विकल्प मिलेगा. आप चाहें तो हिंदी या कोई अन्य क्षेत्रीय भाषा भी चुन सकते हैं ताकि नेविगेशन आसान हो जाए. इसके बाद ‘My Aadhaar’ सेक्शन में जाएं और वहां ‘Get Aadhaar’ टैब के तहत ‘Book an Appointment’ ऑप्शन चुनें.

इसके बाद एक नया पेज खुलेगा जिसमें आपको अपना शहर या लोकेशन टाइप करना होगा. फिर ‘Proceed to Book Appointment’ पर क्लिक करें. अब आपको अपना वर्तमान मोबाइल नंबर और वेबसाइट पर दिख रहा कैप्चा कोड दर्ज करना होगा. फिर ‘Generate OTP’ पर क्लिक करें. OTP आते ही उसे दर्ज करें और ‘Verify OTP’ से उसे सत्यापित करें.

OTP वेरिफिकेशन के बाद अगला फॉर्म खुलेगा जिसमें आपको Aadhaar से जुड़ी जानकारी भरनी होगी जैसे कि आपका 12 अंकों का Aadhaar नंबर, पूरा नाम (जैसा कि Aadhaar में है), जन्मतिथि, किस प्रकार का वेरिफिकेशन करना है, राज्य, शहर और कौन सा Aadhaar सेवा केंद्र चुनना है, यह सब जानकारी भरनी होगी.

अब जब सभी जरूरी जानकारी भर दी गई है, तब उस फील्ड को सेलेक्ट करना होगा जिसे आप अपडेट कराना चाहते हैं. चूंकि यहां मामला मोबाइल नंबर का है, तो ‘Update Mobile Number’ विकल्प चुनें. फिर ‘Next’ बटन दबाएं और एक सुविधाजनक तारीख और समय स्लॉट चुन लें जिसमें आप उस सेवा केंद्र पर जा सकें.

अब आपको एक बार अपनी सारी डिटेल्स अच्छे से चेक करनी है और ‘Submit’ पर क्लिक करके अपॉइंटमेंट फाइनल कर देना है. अपॉइंटमेंट कन्फर्म होने के बाद, तय तारीख और समय पर चुने गए सेवा केंद्र पहुंचना होगा. केंद्र में आपकी बायोमेट्रिक जानकारी जैसे फिंगरप्रिंट और आंखों की स्कैनिंग के जरिए वेरिफिकेशन किया जाएगा. यह सुरक्षा की दृष्टि से एक अनिवार्य कदम है जिससे सुनिश्चित किया जा सके कि अपडेट की मांग करने वाला व्यक्ति वही है जिसका Aadhaar है.

अपडेट की प्रक्रिया के लिए आपको ₹50 का मामूली शुल्क देना होगा. भुगतान करने के बाद आपको एक Acknowledgement Receipt दी जाएगी जिसमें एक URN (Update Request Number) होता है. इसी URN की मदद से आप UIDAI की वेबसाइट या mAadhaar ऐप पर जाकर यह देख सकते हैं कि आपका मोबाइल नंबर अपडेट हुआ या नहीं.

यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुरक्षित है, लेकिन इसके लिए समय पर अपॉइंटमेंट बुक करना और दस्तावेज सही रखना बेहद ज़रूरी है. एक बार आपका नंबर Aadhaar से लिंक हो जाता है, तो आप UIDAI की लगभग हर सेवा जैसे e-Aadhaar डाउनलोड, Aadhaar ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री देखना या किसी योजना के लिए आधार e-KYC करना, ये सभी काम बड़ी आसानी से कर सकते हैं.

गौरतलब है कि Aadhaar में मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए आधार कार्ड की मूल प्रति और पहचान के लिए एक मान्य दस्तावेज ले जाना आवश्यक होता है, जैसे PAN कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस. हालांकि, अगर नाम या जन्मतिथि में बदलाव नहीं करना है और सिर्फ नंबर बदलवाना है, तो प्रक्रिया काफी आसान रहती है.

सरकार और UIDAI का मकसद Aadhaar को डिजिटल इंडिया का स्तंभ बनाना है, और मोबाइल नंबर इसका एक अहम हिस्सा है. इसलिए अगर आपका पुराना नंबर काम नहीं कर रहा या आप नए नंबर पर Aadhaar सर्विसेस एक्सेस करना चाहते हैं, तो ऊपर बताए गए स्टेप्स से तुरंत अपॉइंटमेंट बुक करें और अपडेट प्रक्रिया पूरी करें.

यह भी पढ़ें: चोरी या खो गया मोबाइल? IMEI नंबर से ऐसे मिलेगा वापस, बस इस सरकारी पोर्टल पर जाकर कर दें रजिस्टर

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :