आज ही लॉक कर लें Aadhaar, वर्ना बैंक अकाउंट हो सकता है खाली, जान लीजिए ये 2 मिनट का आसान प्रोसेस

Updated on 03-Jul-2025

Aadhaar नंबर हमारे डिजिटल जीवन का सबसे अहम हिस्सा बन चुका है. सिम कार्ड से लेकर बैंक खाता खोलने तक, हर जगह Aadhaar की जरूरत पड़ती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर आपका आधार नंबर लीक हो गया तो कोई आपकी जानकारी के बिना भी आपके खाते से पैसा निकाल सकता है?

इसमें उससे भी खतरनाक बात है कि आपके पास OTP या SMS भी नहीं आएगा. 2025 में जहां देश तेजी से डिजिटल हो रहा है, वहीं Aadhaar से जुड़ी धोखाधड़ी भी तेजी से बढ़ रही है. खासकर छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में Aadhaar Enabled Payment System (AePS) के जरिए बिना OTP, सिर्फ उंगली के निशान से पैसे निकाले जा रहे हैं. चलिए जानते हैं ये कितना खतरनाक है और आप इससे कैसे बच सकते हैं.

Aadhaar Biometrics से कैसे हो रही है धोखाधड़ी?

News18 की एक रिपोर्ट के अनुसार, AePS एक ऐसा सिस्टम है जो आधार नंबर और बायोमेट्रिक (फिंगरप्रिंट या आइरिस) का उपयोग करके बैंक से लेन-देन की सुविधा देता है. इसका मकसद था ग्रामीण इलाकों में सुविधा पहुंचाना, लेकिन अब यही सिस्टम साइबर अपराधियों का हथियार बन गया है.

आधार लॉक ना होने पर:

  • कोई आपके आधार नंबर का गलत इस्तेमाल करता है.
  • वह कृत्रिम फिंगरप्रिंट (fake fingerprint) बनाता है.
  • किसी ग्रामीण बैंकिंग एजेंट या BC पॉइंट पर जाकर आपके नाम से पैसा निकाल लेता है.
  • चूंकि यह AePS सिस्टम है, इसमें न OTP आता है और न SMS.

यानी आपका पैसा गायब हो जाता है और आपको भनक तक नहीं लगती है. रिपोर्ट में बताया गया है कि झारखंड, बिहार, यूपी, छत्तसीगढ़ जैसे राज्यों में ऐसे मामले ज्यादा देखने को मिल रहे हैं. हालांकि, बाकी राज्यों में भी इस तरह का खतरा हो सकता है. इस वजह से हर आधार यूजर्स को सावधान और सतर्क रहने की जरूरत है.

कैसे होगा Aadhaar Lock?

UIDAI (Unique Identification Authority of India) एक फ्री सुविधा देता है जिसके जरिए आप अपने आधार बायोमेट्रिक्स को लॉक कर सकते हैं. यानी कोई भी या आप खुद भी फिंगरप्रिंट या आइरिस से लेन-देन नहीं कर सकेंगे, जब तक आप इसे फिर से अनलॉक न करें.

इसको लॉक करने के लिए आपको UIDAI की वेबसाइट https://uidai.gov.in पर जाना होगा. इसके बाद वेबसाइट पर “My Aadhaar” सेक्शन में “Aadhaar Services” चुनें. फिर “Lock/Unlock Biometrics” विकल्प चुनें. इसके बाद आप अपना आधार नंबर और OTP डालें और “Enable Biometric Lock” पर क्लिक करें.

अब कभी अगर आपको आधार के बायोमेट्रिक से कोई काम करना हो (जैसे बैंक या पासपोर्ट में), तो आप इसे कुछ घंटों के लिए अनलॉक कर सकते हैं. काम खत्म होते ही दोबारा लॉक कर दें. अनलॉक करने के लिए भी ऊपर वाले प्रोसेस को फॉलो करें. लॉक होने की स्थिति में आपको अनलॉक करने का ऑप्शन दिखाई देगा.

यह भी पढ़ें: बारिश में स्मार्टफोन हो जाएगा खराब.. गलती से भी न करें ये काम, जानें सुरक्षित रखने के ये आसान उपाय

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :