Panchayat Season 5: Amazon Prime Video ने अपने 2026 के कंटेंट स्लेट की घोषणा कर दी है, जिसमें यह कन्फर्म हो गया है कि बहुप्रतीक्षित Panchayat का पांचवां सीजन इसी साल रिलीज होगा. पहले मेकर्स ने नए सीजन के संकेत दिए थे, लेकिन अब प्लेटफॉर्म ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि कर दी है.
यह ऐलान Prime Video के सालाना इवेंट के दौरान किया गया, जिसमें सीरीज की कास्ट और क्रिएटर्स मौजूद थे. इससे साफ है कि शो की तैयारी तेजी से चल रही है और रिलीज की दिशा में आगे बढ़ रही है. यानी आपको Panchayat Season 5 के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा. आप इस साल के मिड या आखिरी तक इस सीरीज को देख सकते हैं.
Panchayat Season 5 की कहानी इस बार बदलाव और टकराव की ओर इशारा करती है. आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, अभिषेक त्रिपाठी खुद को एक नए और बदले की भावना से भरे लीडरशिप के अंदर तनावपूर्ण माहौल में काम करते हुए पाएंगे. वह अपने MBA के सपने को आगे बढ़ाना चाहते हैं, लेकिन उससे पहले उन्हें फुलेरा में बचे अधूरे कामों को निपटाना होगा. यही इस सीजन को भावनात्मक और दिलचस्प बनाएगा.
हालांकि अभी तक इसकी सटीक रिलीज डेट सामने नहीं आई है, लेकिन मेकर्स ने भरोसा दिलाया है कि नया सीजन जल्द ही दर्शकों के सामने होगा. इस सीरीज को दीपक कुमार मिश्रा ने क्रिएट किया है और चंदन कुमार ने लिखा है. इसका प्रोडक्शन अरुणाभ कुमार ने The Viral Fever के बैनर तले किया है.
सीजन 5 में जितेंद्र कुमार एक बार फिर अभिषेक त्रिपाठी के रोल में नजर आएंगे. उनके साथ नीना गुप्ता (मंजू देवी), रघुबीर यादव (बृज भूषण दुबे), फैसल मलिक (प्रह्लाद पांडे), चंदन रॉय (विकास) और सान्विका (रिंकी) भी वापसी करेंगे. इसके अलावा दुर्गेश कुमार, सुनीता राजवार, अशोक पाठक और आसिफ खान भी अपने सपोर्टिंग रोल में फिर दिखाई देंगे.
इस बार अभिषेक के सामने नई चुनौतियां होंगी. पंचायत का यह नया सीजन अभिषेक और फुलेरा के अजीब लेकिन प्यारे किरदारों को एक नए सफर पर ले जाएगा. पंचायत सचिव को एक मुश्किल कार्य माहौल में काम करना होगा, जहां नया नेतृत्व सख्त और बदले की भावना वाला है.
सीरीज की खासियत रही इसकी केमिस्ट्री, हल्का-फुल्का हास्य और दिल को छू लेने वाले पल, जो इस बार भी देखने को मिलेंगे. अगर पिछले सीजन की बात करें, तो सीजन 4 पिछले साल 24 जून को रिलीज हुआ था, जो तीसरे सीजन के बाद आया था. सिर्फ हंसी-मजाक ही नहीं, इस सीजन ने दुख, एकजुटता और समुदाय की असली भावना जैसे पहलुओं को भी छुआ था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया. अब सबकी नजर इस बात पर है कि अभिषेक नई चुनौतियों का सामना कैसे करेगा और फुलेरा की कहानी कब फिर स्क्रीन पर लौटेगी.
यह भी पढ़ें: गर्मी शुरू होते ही AC की करवानी है सर्विसिंग? ये 6 चीजें जरूर करवाइए चेक, वर्ना मैकेनिक लगा देगा चूना