Samsung Galaxy Z TriFold लॉन्च के तीन महीने बाद हुआ बंद, अब नहीं बनेंगे तीन बार मुड़ने वाले फोन? जानिए

Samsung ने अपने प्रीमियम ट्रिपल-फोल्ड स्मार्टफोन Galaxy Z TriFold की बिक्री बंद करने का फैसला लिया है। यह डिवाइस इसी साल जनवरी में CES टेक शो के दौरान ग्लोबली पेश किया गया था। लॉन्च के लगभग तीन महीने बाद ही इस फोन को बंद करना इस बात की ओर इशारा करता है कि कंपनियां अभी चल रहे मेमोरी संकट के बीच ऐसे एक्सपेरिमेंटल प्रोडक्ट्स को लेकर सतर्क हो रही हैं।

Bloomberg की एक रिपोर्ट के अनुसार, Samsung ने Galaxy Z TriFold का उत्पादन बंद करने का फैसला कर लिया है। इस फोन की कीमत लगभग 2,899 डॉलर (करीब 2.67 लाख रुपये) थी और इसे अमेरिका और साउथ कोरिया जैसे चुनिंदा बाजारों में बेचा जा रहा था। कंपनी ने बाद में इस फैसले की पुष्टि भी की। अमेरिका में Samsung की वेबसाइट पर यह फोन “sold out” दिख रहा है और अब इसके दोबारा स्टॉक में आने की कोई जानकारी नहीं दी जा रही, जो इस फैसले के संकेत पहले ही दे रहा था।

Galaxy Z TriFold कब हुआ था लॉन्च

Galaxy Z TriFold को सबसे पहले पिछले साल दिसंबर में साउथ कोरिया में लॉन्च किया गया था, जिसके बाद इसे सिंगापुर, चीन, ताइवान और यूएई जैसे बाजारों में भी उपलब्ध कराया गया। अमेरिकी लॉन्च की घोषणा CES 2026 के दौरान की गई थी।

ट्रिपल-फोल्ड लाने वाला दूसरा खिलाड़ी Samsung

हालांकि Samsung इस सेगमेंट में पहला खिलाड़ी नहीं था। इससे पहले Huawei स्मार्टफोन बाजार में अपने ट्रिपल-फोल्ड डिवाइस पेश कर चुका था। लेकिन Samsung का इस डिवाइस को अमेरिका जैसे बड़े बाजार में लाना इस बात का संकेत था कि यह तकनीक बड़े विस्तार के लिए तैयार मानी जा रही थी।

Galaxy Z TriFold क्यों हुआ बंद

सच्चाई यह है कि Galaxy Z TriFold अभी भी आम यूज़र्स या शौकिया ग्राहकों के लिए पूरी तरह तैयार नहीं था। इसकी ऊंची कीमत के अलावा, कई यूज़र्स ने डिस्प्ले से जुड़ी समस्याओं की भी शिकायत की। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया कि फोन का डिस्प्ले अचानक काम करना बंद कर देता था, जो इतने महंगे डिवाइस के लिए गंभीर चिंता की बात है।

इस फैसले के पीछे वैश्विक मेमोरी संकट भी एक अहम कारण माना जा रहा है। स्मार्टफोन कंपनियों पर मेमोरी और कंपोनेंट की बढ़ती लागत का दबाव है, क्योंकि उत्पादन का बड़ा हिस्सा अब AI डेटा सेंटर्स की ओर शिफ्ट हो रहा है। ऐसे में Samsung जैसे ब्रांड्स अपनी प्रोडक्ट रणनीति को दोबारा व्यवस्थित कर रहे हैं।

Galaxy Z TriFold को कंपनी ने एक सीमित उत्पादन वाले प्रोडक्ट के तौर पर ही पेश किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी कुल 20,000 से 30,000 यूनिट्स ही बनाई गई थीं। इतने महंगे और सीमित मांग वाले डिवाइस को लंबे समय तक बाजार में बनाए रखना व्यावसायिक रूप से भी फायदेमंद नहीं था।

यह भी ध्यान देने वाली बात है कि फोल्डेबल स्मार्टफोन का बाजार अभी भी छोटा है और ट्रिपल-फोल्ड डिवाइस तो उससे भी ज्यादा सीमित वर्ग के लिए हैं। फिलहाल इस सेगमेंट में केवल Samsung और Huawei ही एक्टिव हैं।

ट्रिपल फोल्डेबल फोन का भविष्य खत्म?

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि ट्रिपल फोल्डेबल फोन का भविष्य खत्म हो गया है। Samsung और अन्य कंपनियां आगे भी फोल्डेबल डिवाइस लॉन्च करती रहेंगी, लेकिन फिलहाल वे ज्यादा एक्सपेरिमेंट वाले प्रोडक्ट्स से दूरी बनाकर ऐसे डिवाइस पर ध्यान दे रही हैं जो बड़े स्तर पर ग्राहकों को आकर्षित कर सकें, जैसे कि Galaxy Z Fold सीरीज, जिसे बाजार में बेहतर प्रतिक्रिया मिली है।

यह भी पढ़ें: चिलचिलाती गर्मी में सर्दी का एहसास देते हैं ये 5-Star Inverter AC, भारी-भरकम बिजली बिल से भी देंगे छुटकारा!

Faiza Parveen

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :