सैमसंग ने अपनी आने वाली Galaxy S26 सीरीज़ को लेकर सस्पेंस और एक्साइटमेंट दोनों बढ़ा दिए हैं। आए दिन इस फोन सीरीज को लेकर जानकारी इंटरनेट पर आती रहती है, कभी कंपनी कुछ जारी कर देती है, कभी लीक आदि में कुछ सामने आ जाता है। अभी तक के लिए कंपनी ने तीन छोटे-छोटे टीज़र वीडियो जारी किए हैं, जिनके नाम हैं Closer, Groove और Glow। इन टीज़र्स में सीधे स्पेसिफिकेशन तो नहीं बताए गए हैं, लेकिन कैमरा पर फोकस इतना साफ है कि ये समझना मुश्किल नहीं कि इस बार सैमसंग अपने फ्लैगशिप फोन की कैमरा क्षमताओं को बड़े पैमाने पर बढ़ा देने वाला है, ऐसा भी कह सकते हैं कि इस फोन में कैमरा अलग ही लेवल का होने वाला है। खास तौर पर ज़ूम, लो-लाइट फोटोग्राफी और अंधेरे में वीडियो रिकॉर्डिंग को लेकर बड़े बदलावों के हिंट मिल रहे हैं।
इसका मतलब है कि कैमरा में तीन बड़े अपग्रेड कैमरा को लेकर किए जा सकते हैं। आइए इनके बारे में जानते हैं।
पहला टीज़र Closer लंबी दूरी के ज़ूम पर ध्यान देता है। वीडियो में कैमरा दूर से एक कार के अंदर बैठे कुत्ते की ओर धीरे-धीरे ज़ूम करता है और सब्जेक्ट क्लियर बना रहता है। आमतौर पर ज़ूम करते समय वीडियो क्वालिटी गिर जाती है, लेकिन सैमसंग इशारों-इशारों में बता रहा है कि Galaxy S26 Ultra में यह समस्या काफी हद तक सुलझाई जा सकती है। हालांकि वीडियो के अंत में दिया गया डिस्क्लेमर यह भी बताता है कि बैकग्राउंड आर्टिफिशियल टूल्स से बनाया गया है, जिससे यह सवाल भी उठता है कि रियल-वर्ल्ड परफॉर्मेंस कैसी होगी।
दूसरा टीज़र Groove लो-लाइट फोटोग्राफी की झलक देता है। इसमें एक म्यूज़िक परफॉर्मर को बेहद कम रोशनी में दिखाया गया है, लेकिन कैमरा सीन को ब्राइट कर देता है और कलर्स को वापस ले आता है। यहाँ यह हिंट मिलता है कि नाइट फोटोग्राफी और वीडियो में सैमसंग अपने सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर ट्यूनिंग को और बेहतर करने वाला है। यह बदलाव सेंसर लेवल पर होगा या AI प्रोसेसिंग से, फिलहाल कंपनी ने इसे लेकर कुछ साफ नहीं किया है।
तीसरा और आख़िरी टीज़र Glow अंधेरे माहौल में वीडियो रिकॉर्डिंग पर फोकस करता है। वीडियो के मुताबिक, कम रोशनी के बावजूद फुटेज ब्राइट और डिटेल्ड नजर आती है। टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि Galaxy S26 Ultra में पिक्सल-बिनिंग या नए वीडियो मोड्स का इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे रिकॉर्डिंग के दौरान ज़्यादा लाइट सेंसर तक पहुंचे।
फिलहाल सैमसंग ने Galaxy S26 सीरीज़ की लॉन्च डेट या फुल स्पेसिफिकेशन शेयर नहीं किए हैं, लेकिन इन टीज़र वीडियोज़ से यह साफ है कि कैमरा इस सीरीज़ का सबसे बड़ा हाईलाइट होने वाला है। आने वाले हफ्तों में जैसे-जैसे जानकारी सामने आएगी, Galaxy S26 Ultra फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के शौकीनों के लिए एक बड़ा गेम-चेंजर साबित हो सकता है।
यह भी पढ़ें: Pariksha Pe Charcha 2026: PM Modi को कितने बजे और कहाँ देखें ऑनलाइन