Samsung ने हाल ही में भारत में अपनी A-सीरीज़ के दो नए स्मार्टफोन Galaxy A37 और Galaxy A57 लॉन्च किए हैं। अब खबरें सामने आ रही हैं कि कंपनी इसी सीरीज़ का एक और बजट स्मार्टफोन, Galaxy A27 5G, जल्द ही भारतीय बाजार में पेश कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फोन को अप्रैल के मध्य तक लॉन्च किया जा सकता है। लॉन्च से पहले ही Samsung Galaxy A27 5G ऑनलाइन लीक हो गया है, और इसे लेकर कुछ ज़रूरी जानकारी सामने आई है।
टिप्स्टर अभिषेक यादव द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, यह डिवाइस गीकबेंच लिस्टिंग में दिखाई दिया है, जिससे इसके कुछ अहम फीचर्स का खुलासा हुआ है। लिस्टिंग में SM-A276B मॉडल नंबर वाला फोन देखा गया है, जिसे Galaxy A27 5G माना जा रहा है।
गीकबेंच डेटा के मुताबिक, इस स्मार्टफोन में ऑक्टा-कोर ARM आधारित प्रोसेसर दिया जा सकता है, जिसमें चार कोर 1.80GHz पर और बाकी चार कोर 2.40GHz तक की स्पीड पर काम करेंगे। माना जा रहा है कि इसमें Snapdragon 6 Gen 3 चिपसेट का इस्तेमाल किया जा सकता है।
सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह फोन Android 16 पर आधारित होगा और इसके साथ One UI 8.5 मिलने की संभावना है। इसके अलावा, रिपोर्ट्स में 120Hz रिफ्रेश रेट वाली AMOLED डिस्प्ले, 5,000mAh की बैटरी और 50 मेगापिक्सल का कैमरा मिलने की भी उम्मीद जताई गई है। हालांकि, यह शुरुआती जानकारी है और लॉन्च तक इनमें बदलाव संभव है।
अगर इसके पिछले मॉडल Galaxy A26 5G की बात करें, तो इसे पिछले साल मार्च में भारत में 24,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था। इसमें Exynos 1380 प्रोसेसर दिया गया था। वहीं, नए Galaxy A27 5G की कीमत लगभग 28,000 से 30,000 रुपये के बीच हो सकती है।
Galaxy A26 में 6.7 इंच की Super AMOLED डिस्प्ले दी गई थी, जो 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आती है। कैमरा सेटअप में 50MP का OIS मेन कैमरा, 8MP का अल्ट्रावाइड लेंस और 2MP का मैक्रो कैमरा शामिल था। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 13MP का फ्रंट कैमरा मिलता है। साथ ही, फोन में 5,000mAh की बैटरी दी गई थी, जो 25W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।
लीक्स के अनुसार, Galaxy A27 5G में ज्यादा बड़े बदलाव होने की संभावना नहीं है, लेकिन डिजाइन में हल्के सुधार और कैमरा परफॉर्मेंस में कुछ अपग्रेड्स किए जा सकते हैं। फिलहाल कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, इसलिए सटीक जानकारी के लिए लॉन्च का इंतजार करना बेहतर होगा।
यह भी पढ़ें; Vodafone Idea लाया Unlimited डेटा वाले दो नए रिचार्ज प्लान, कॉलिंग और SMS का भी फायदा, कीमत बस इतनी