OPPO Reno15 Series India launch conformed
Oppo अपनी नई Reno 15 सीरीज़ को भारत में 8 जनवरी यानी आज दोपहर 12 बजे लॉन्च करने जा रहा है। इस सीरीज़ में Oppo Reno 15, Reno 15 Pro और Reno 15 Pro Mini शामिल होंगे। लॉन्च के बाद ये तीनों स्मार्टफोन देश में फ्लिपकार्ट और अमेज़न के ज़रिए खरीदने के लिए उपलब्ध होंगे। आधिकारिक लॉन्च से पहले ही इन फोन्स की संभावित कीमतें और स्टोरेज वेरिएंट ऑनलाइन सामने आ गए हैं। इसके अलावा कंपनी ने भारतीय वेरिएंट से जुड़े कुछ अहम स्पेसिफिकेशन्स की पुष्टि भी कर दी है।
लीकर अभिषेक यादव (@yabhishekhd) के अनुसार, Oppo Reno 15 की भारत में शुरुआती कीमत 8GB रैम + 256GB स्टोरेज वेरिएंट के लिए 45,999 रुपये हो सकती है। वहीं 12GB रैम + 256GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 48,999 रुपये और 12GB रैम + 512GB स्टोरेज वाले टॉप वेरिएंट की कीमत 53,999 रुपये बताई जा रही है।
इसी तरह Oppo Reno 15 Pro Mini के 12GB रैम + 256GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 59,999 रुपये और 12GB रैम + 512GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 64,999 रुपये होने की उम्मीद है। वहीं Oppo Reno 15 Pro को 67,999 रुपये में 12GB + 256GB स्टोरेज और 72,999 रुपये में 12GB + 512GB स्टोरेज विकल्प के साथ लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक आधिकारिक कीमतों की पुष्टि नहीं की गई है, इसलिए इन जानकारियों को फिलहाल अनुमान के तौर पर देखा जाना चाहिए।
दूसरी ओर, फ्लिपकार्ट और अमेज़न पर अपडेट किए गए आधिकारिक लैंडिंग पेज के ज़रिए ओप्पो ने Reno 15 सीरीज़ के कुछ फीचर्स की पुष्टि की है। भारतीय वेरिएंट में MediaTek Dimensity 8450 चिपसेट दिया जाएगा, जो 4nm प्रोसेस पर आधारित होगा। बेहतर नेटवर्क और गेमिंग अनुभव के लिए इसमें AI Gaming Antenna System Acceleration फीचर भी मिलेगा, जिससे गेम खेलते समय सिग्नल की क्वालिटी बेहतर बनी रहेगी।
सीरीज़ के एक स्मार्टफोन में 6,200mAh की बड़ी बैटरी दी जाएगी, जो 80W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करेगी। कंपनी का दावा है कि यह फोन 2.36 दिन की बैटरी लाइफ देगा। ओप्पो के मुताबिक, यह फोन 1 प्रतिशत से 100 प्रतिशत तक सिर्फ 53 मिनट में चार्ज हो जाएगा, जबकि 10 मिनट की चार्जिंग से लगभग 4.3 घंटे का वीडियो प्लेबैक मिल सकता है।
अब सभी की नजरें आज के लॉन्च इवेंट पर टिकी हैं, जहां Oppo Reno 15 सीरीज़ की आधिकारिक कीमतों और बाकी फीचर्स से पर्दा उठेगा।