Oppo K14x 5G With 6500mAh Battery 50MP Camera Launched in India Price Specifications
चीनी स्मार्टफोन कंपनी Oppo ने भारत में अपना नया 5G स्मार्टफोन Oppo K14x 5G लॉन्च कर दिया है. यह कंपनी की नई K14 सीरीज का पहला मॉडल है, जिसे मिड रेंज सेगमेंट को ध्यान में रखकर उतारा गया है. फोन बड़ी बैटरी, फास्ट चार्जिंग और लेटेस्ट सॉफ्टवेयर के साथ आता है, जिससे यह युवा यूजर्स और ज्यादा फोन इस्तेमाल करने वालों के लिए एक मजबूत विकल्प बन सकता है.
Oppo K14x 5G की भारत में शुरुआती कीमत 14,999 रुपये रखी गई है. इस कीमत पर फोन का 4GB रैम और 128GB स्टोरेज वेरिएंट मिलता है. वहीं 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वाला टॉप वेरिएंट 16,999 रुपये में पेश किया गया है. कंपनी की ओर से लॉन्च ऑफर के तहत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के कार्ड से पेमेंट करने पर 1,500 रुपये तक का इंस्टेंट डिस्काउंट भी दिया जा रहा है.
यह स्मार्टफोन भारत में 16 फरवरी से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा. ग्राहक इसे Flipkart और Oppo की आधिकारिक वेबसाइट से खरीद सकेंगे. Oppo K14x 5G को Icy Blue और Prism Violet दो कलर ऑप्शन में उतारा गया है.
Oppo K14x 5G में 6.75 इंच की HD+ डिस्प्ले दी गई है, जिसका रेजोल्यूशन 1604 x 720 पिक्सल है. इस स्क्रीन में 120Hz का रिफ्रेश रेट मिलता है, जिससे स्क्रॉलिंग और गेमिंग का अनुभव बेहतर होता है. कंपनी के अनुसार, डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस 1125 निट्स तक जाती है, जिससे धूप में भी स्क्रीन आसानी से देखी जा सकती है.
परफॉर्मेंस के लिए इस फोन में MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट दिया गया है, जो 6nm प्रोसेस पर आधारित है. इसके साथ ARM Mali G57 GPU मिलता है. फोन में 4GB और 6GB LPDDR4X रैम के विकल्प दिए गए हैं, जिनके साथ 128GB UFS 2.2 स्टोरेज मिलती है. इसके अलावा माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से स्टोरेज को 1TB तक बढ़ाया जा सकता है. कंपनी इसमें 8GB तक वर्चुअल रैम का सपोर्ट भी दे रही है.
कैमरा सेटअप की बात करें तो Oppo K14x 5G में डुअल रियर कैमरा दिया गया है. इसमें 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा f/1.8 अपर्चर के साथ और 2 मेगापिक्सल का पोर्ट्रेट सेंसर f/2.4 अपर्चर के साथ मिलता है. यह फोन 1080p रिजोल्यूशन में 60fps तक वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करता है. सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए इसमें 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है.
फोन Android 16 पर आधारित Color OS 16 पर चलता है. सिक्योरिटी के लिए इसमें साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है. Oppo K14x 5G को IP64 रेटिंग मिली है, जिससे यह धूल और पानी की हल्की छींटों से सुरक्षित रहता है.
इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 6500mAh की बैटरी है. यह बैटरी 45W SuperVOOC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है, जिससे कम समय में फोन को चार्ज किया जा सकता है. कनेक्टिविटी के लिए इसमें 5G, डुअल 4G VoLTE, Wi Fi, Bluetooth 5.4, GPS और USB Type C पोर्ट दिया गया है.
यह भी पढ़ें: नौकरी करने वालों के लिए खुशखबरी! UPI से निकाल पाएंगे PF के पैसे, EPFO के मोबाइल ऐप से चुटकियों में होगा काम