Apple ने भारत में iPhone की कीमतों में भारी कटौती की है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा घोषित किए गए कंपोनेंट्स पर कस्टम ड्यूटी शुल्क को 20 प्रतिशत से घटाकर 15 प्रतिशत करने के बाद, Apple ने भारत में बने iPhone की कीमतों में 3-4 प्रतिशत की कटौती कर दी है। हालाँकि Apple ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा नहीं की है, इसके अलावा इंडिया वेबसाइट पर नई कीमतों को दिखाया भी नहीं है।
हालांकि इंटरनेट पर चल रही कई रिपोर्ट ऐसा कहती हैं कि भारत में iPhone 15 Pro Max, iPhone 15, iPhone 15 Pro, iPhone 14, iPhone 13 और iPhone SE की कीमतों में 300 रुपये (कुछ मॉडल्स के लिए) और अन्य के लिए 6,000 रुपये तक की कटौती की जा रही है। गौरतलब है कि यह पहली बार है जब Apple ने भारतीय बाजार में मौजूदा Pro मॉडल की कीमत कम की है।
इस बीच, एक अन्य रिपोर्ट कहती है कि, Apple पहली बार भारत में iPhone 16 Pro और iPhone 16 Pro Max मॉडल बनाने की भी योजना बना रहा है। वर्तमान में, Apple भारत में केवल iPhone 15, iPhone 14, iPhone 13 और iPhone SE का निर्माण कर रहा है। Apple की ओर से अभी तक भारत में प्रो मॉडल का निर्माण नहीं किया जाता है।
2023 में, Apple ने ग्लोबल सेल के पहले दिन ही भारत में निर्मित iPhone 15 यूनिट्स को सेल किया था। शुरुआत में, भारत में केवल iPhone 15 के बेस मॉडल का निर्माण किया गया था, लेकिन अंततः iPhone 15 Plus को भी भारत में ही बनाया जाने लगा था।
कीमत में कटौती के साथ, जो जल्द ही Apple India की वेबसाइट और अन्य ऑनलाइन और ऑफलाइन रीटेल विक्रेताओं के लिए दिखाई देने लगेगी, भारत में निर्मित iPhones, जिसमें iPhone 13, iPhone 14 और iPhone 15 शामिल हैं, की कीमत में लगभग 300 रुपये की कटौती होगी, जबकि iPhone SE 2,300 रुपये सस्ता होगा। इस बीच, प्रो और प्रो मैक्स मॉडल की कीमत में 5,100 रुपये से 6,000 रुपये तक की कटौती होगी।
हाल ही में लॉन्च की गई iPhone 15 सीरीज़ की कीमत में भी बदलाव किया गया है। iPhone 15 और iPhone 15 Plus, दोनों की कीमत पहले क्रमशः 79,900 रुपये और 89,900 रुपये थी, अब इनकी कीमत 79,600 रुपये और 89,600 रुपये हो गई है। प्रत्येक मॉडल के लिए 300 रुपये का यह छोटा डिस्काउंट दिया जा रहा है।
अगर आप हाई-एंड मॉडल खरीदना चाहते हैं तो आपको बता देते हैं कि इन मॉडल्स पर भी डिस्काउंट/छूट दी जा रही है।