Samsung-Apple के बाद Motorola भी ला रहा अपना मुड़ने वाला फोन..तगड़ा लग रहा डिजाइन

HIGHLIGHTS

Motorola ने अपने नए Foldable Phone को टीज कर दिया है।

Apple-Samsung के बाद Motorola भी इस रेस में पीछे नहीं रहना चाहता है।

टीजर में बेहद पतला नजर आ रहा है Motorola का फोन।

स्मार्टफोन बाजार में फोल्डेबल फॉर्म फैक्टर्स की जंग अब एक नए और रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है। हाल ही में Apple द्वारा पासपोर्ट-स्टाइल वाले iPhone Duo की घोषणा के ठीक बाद, अब मोटोरोला (Motorola) ने भी एक नए वाइड-स्क्रीन फोल्डेबल स्मार्टफोन का टीजर जारी करके हलचल मचा दी है। कंपनी के आधिकारिक ग्लोबल इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किए गए एक वीडियो में मोटोरोला के ऐतिहासिक Razr सफर को दिखाया गया है। इसमें आइकॉनिक Razr V3 से लेकर साल 2019 में आए पहले फ्लेक्सिबल स्क्रीन Razr, Razr 2022, Razr 40, Razr 50 और हालिया Razr Fold तक की झलक शामिल है। हालांकि, इस टीजर का असली केंद्र बिंदु वीडियो का आखिरी हिस्सा रहा, जहां एक अज्ञात, चौड़े और स्लिम फोल्डेबल हैंडसेट की साफ तस्वीर उभरती हुई नजर आती है।

कंपनी ने जारी किया आधिकारिक टीजर

कंपनी ने इस टीजर वीडियो के कैप्शन में लिखा है, ‘कुछ लोग अभी इसके बारे में जान रहे हैं, जबकि हम इसे और भी बेहतर बना रहे हैं। बस हमारे अगले कदम का इंतजार करें।’ मोटोरोला के इस बयान ने टेक जगत में साफ संकेत दे दिया है कि लेनोवो के स्वामित्व वाला यह ब्रांड अब पारंपरिक क्लैमशेल फ्लिप फोंस से आगे बढ़कर बड़े वाइड-स्क्रीन बुक-स्टाइल फोल्डेबल सेगमेंट में कुछ बड़ा करने जा रहा है। वीडियो में दिख रही डिवाइस का फॉर्म फैक्टर काफी चौड़ा है, जो सीधे तौर पर हालिया iPhone Duo, Samsung Galaxy Z Fold 8 और Xiaomi 18 Fold जैसे वाइड फोल्डेबल्स की डिजाइन फिलॉसफी से मिलता-जुलता दिखाई पड़ता है। हालांकि, मोटोरोला ने फिलहाल इस डिवाइस के आधिकारिक नाम और लॉन्च डेट पर पूरी तरह सस्पेंस बनाकर रखा है।

मौजूदा Razr की तुलना में कैसा होगा नया Foldable Phone?

मौजूदा Razr Fold की तुलना में इस नए डिवाइस का सबसे बड़ा अंतर इसके डिस्प्ले आस्पेक्ट रेशियो में देखने को मिलेगा। मौजूदा Razr Fold का इंटरनल डिस्प्ले 8:7.2 आस्पेक्ट रेशियो के साथ लगभग चौकोर (स्क्वेयर) दिखाई देता है, जबकि सामने आ रहे इस नए वाइड फोल्डेबल फोन में करीब 4:3 आस्पेक्ट रेशियो वाला इनर डिस्प्ले मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस चौड़े डिस्प्ले का सबसे बड़ा फायदा कंटेंट कंजम्पशन और मल्टीटास्किंग में होगा। 4:3 आस्पेक्ट रेशियो पर यूट्यूब और ओटीटी ऐप्स में वीडियो स्ट्रीमिंग करते समय स्क्रीन के ऊपर और नीचे दिखने वाले काले बॉर्डर (ब्लैक बार्स) काफी कम हो जाएंगे। वहीं, बंद रहने पर इसका बाहरी कवर डिस्प्ले कम हाइट और ज्यादा चौड़ाई के चलते एक हाथ से टाइपिंग और रोजमर्रा के काम निपटाने में कहीं ज्यादा सुविधाजनक और नेचुरल ग्रिप देगा।

कैसे होंगे मोटोरोला के मुड़ने वाले फोन के स्पेक्स

स्पेसिफिकेशन्स और परफॉर्मेंस की बात करें तो आधिकारिक ब्योरा अभी गोपनीय है, लेकिन लीक्स और इंडस्ट्री रिपोर्ट्स की मानें तो मोटोरोला इसे एक्सट्रीम फ्लैगशिप कैटेगरी में उतारने की तैयारी कर रहा है। माना जा रहा है कि इसमें क्वॉलकॉम का अगला सबसे ताकतवर Snapdragon 8 Gen 5 चिपसेट दिया जा सकता है, जो एडवांस थर्मल मैनेजमेंट और ऑन-डिवाइस जेनेरेटिव एआई को पावर देगा। सॉफ्टवेयर के स्तर पर कंपनी बड़े डिस्प्ले का पूरा फायदा उठाने के लिए कई प्रो-मल्टीटास्किंग टूल्स, स्प्लिट-स्क्रीन वर्कस्पेस और मोटो एआई (Moto AI) के आधुनिक फीचर्स इंटीग्रेट करेगी। यदि मोटोरोला इस वाइड फोल्डेबल को आक्रामक कीमत पर पेश करता है, तो यह भारतीय और वैश्विक बाजार में सैमसंग और ऐपल के दबदबे को सीधी चुनौती दे सकता है।

यह भी पढ़ें: भारत में लॉन्च हुए Vivo Buds.. 2 हजार से सस्ती है कीमत और 50 घंटे की है बैटरी लाइफ

Ashwani Kumar

Ashwani Kumar has been the heart of Digit Hindi for nearly nine years, now serving as Senior Editor and leading the Vernac team with passion. He’s known for making complex tech simple and relatable, helping millions discover gadgets, reviews, and news in their own language. Ashwani’s approachable writing and commitment have turned Digit Hindi into a trusted tech haven for regional readers across India, bridging the gap between technology and everyday life.

Connect On :