हमेशा के लिए बैन हो जाएंगे iPhone? चीनी कनेक्शन को लेकर विवाद, Apple पर मंडराया खतरा!

Updated on 17-Jul-2025

Apple को प्रीमियम iPhones के लिए जाना जाता है. लेकिन, अब इस पर बैन लग सकता है. विवाद का नाता चीनी कनेक्शन को लेकर है. आपको बता दें कि Samsung और चीन की डिस्प्ले निर्माता कंपनी BOE के बीच चल रहे विवाद में एक नया मोड़ आया है. जिसने iPhones पर असर डालने की अटकलों को जन्म दिया था.

हालांकि Apple ने इन आशंकाओं को सिरे से खारिज कर दिया है और कहा है कि उसके iPhones पर इस कानूनी मामले का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. यह मामला अमेरिका की इंटरनेशनल ट्रेड कमिशन (ITC) द्वारा BOE के खिलाफ की गई एक प्रारंभिक जांच से जुड़ा है.

BOE पर आरोप है कि उसने Samsung की डिस्प्ले टेक्नोलॉजी से जुड़े गोपनीय व्यापार रहस्यों का उल्लंघन किया है और उन तकनीकों पर आधारित OLED डिस्प्ले अमेरिका में भेजे या बेचे हैं. ITC की प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया गया है कि BOE और उसकी सहयोगी कंपनियों ने अमेरिकी व्यापार नियमों का उल्लंघन किया है और ITC ने उनके खिलाफ कुछ प्रतिबंधों की सिफारिश की है.

इनमें BOE को OLED पैनल अमेरिका भेजने से रोकने और पहले से मौजूद स्टॉक की बिक्री पर रोक लगाने का सुझाव शामिल है.

iPhones पर असर की आशंका

BOE, Apple को iPhone के लिए OLED डिस्प्ले सप्लाई करने वाली कंपनियों में से एक है (Samsung और LG के साथ). ऐसे में मीडिया रिपोर्ट्स में अंदेशा जताया गया कि iPhone 15, iPhone 16 और यहां तक कि आने वाला iPhone 17 भी इस विवाद से प्रभावित हो सकता है.

लेकिन Apple ने 9To5Mac को दिए एक बयान में स्पष्ट किया कि “Apple इस केस का हिस्सा नहीं है और ITC का यह आदेश किसी भी Apple उत्पाद को प्रभावित नहीं करता है.”

महत्वपूर्ण बात यह है कि ITC का यह निर्णय अभी प्रारंभिक चरण में है. अंतिम फैसला इस साल के अंत तक आने की उम्मीद है. उसके बाद, अमेरिका के राष्ट्रपति के पास इस आदेश को मंजूरी या खारिज करने के लिए 60 दिन का समय होगा.

Apple का BOE से संबंध आगे कैसा रहेगा?

रिपोर्ट्स के अनुसार, Apple ने BOE को चीन के लिए iPhone 17 Pro सीरीज के LTPO OLED पैनल सप्लाई करने की मंजूरी दी थी. लेकिन ये डिस्प्ले वैश्विक मानकों पर खरे नहीं उतरे इसलिए Apple भविष्य में सप्लायर को बदलता है या नहीं, यह इस केस से नहीं बल्कि परफॉर्मेंस और बिजनेस फैसले पर निर्भर करेगा.

यह भी पढ़ें: WhatsApp पर डिलीट किए मैसेज को पढ़ने का तरीका जान लें, साल 2025 में एंड्रॉयड फोन पर करेगा काम

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :