साल 2026 के सबसे ज्यादा बिकने वाले स्मार्टफोन, iPhone 17 का जलवा, टॉप-10 में केवल एक चीनी फोन, जानें नाम

HIGHLIGHTS

iPhone 17 बना का सबसे ज्यादा बिकने वाला फोन

टॉप 3 में Apple का पूरा कब्जा

Samsung के 5 फोन टॉप 10 में शामिल

Apple के iPhone 17 सीरीज को लॉन्च हुए कुछ महीने हो चुके हैं, लेकिन इसकी डिमांड अभी भी कम होने का नाम नहीं ले रही. एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, iPhone 17 ने 2026 की पहली तिमाही (Q1) में ग्लोबल स्मार्टफोन मार्केट में सबसे ज्यादा बिकने वाला फोन बनकर पहला स्थान हासिल कर लिया है.

Counterpoint Research की रिपोर्ट के अनुसार, iPhone 17 ने अकेले करीब 6 प्रतिशत ग्लोबल मार्केट शेयर हासिल किया, जो इसे सीधे नंबर 1 पर ले जाता है. इसके ठीक बाद उसी सीरीज के iPhone 17 Pro Max और iPhone 17 Pro दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे.

Apple का दबदबा, Samsung भी पीछे नहीं

इस रिपोर्ट में एक दिलचस्प बात सामने आई है कि टॉप 10 में से 4 स्मार्टफोन्स Apple के हैं. इसमें iPhone 17 सीरीज के अलावा iPhone 16 भी शामिल है, जिसने छठा स्थान हासिल किया. वहीं Samsung ने लिस्ट में संख्या के मामले में बाजी मारी. टॉप 10 में उसके 5 स्मार्टफोन्स शामिल हैं, लेकिन ये सभी बजट और मिड-रेंज सेगमेंट के डिवाइसेस हैं.

Samsung Galaxy A07 4G और Galaxy A17 5G जैसे फोन्स इस लिस्ट में ऊपर रहे, जबकि Galaxy A56, Galaxy A36 और Galaxy A17 4G भी टॉप 10 में अपनी जगह बनाने में सफल रहे.

फ्लैगशिप क्यों नहीं दिखे लिस्ट में?

रिपोर्ट के अनुसार, Samsung का लेटेस्ट फ्लैगशिप Samsung Galaxy S26 Ultra टॉप 10 में जगह बनाने से थोड़ा सा चूक गया. हालांकि इसकी शुरुआती बिक्री अपने पिछले मॉडल से बेहतर बताई जा रही है, लेकिन फिर भी यह लिस्ट में शामिल नहीं हो पाया. इससे साफ है कि ग्लोबल मार्केट में अभी भी बजट और मिड-रेंज फोन की मांग ज्यादा है, जबकि फ्लैगशिप डिवाइसेस की बिक्री अपेक्षाकृत सीमित रहती है.

एक और ब्रांड की एंट्री

इस लिस्ट में Apple और Samsung के अलावा सिर्फ एक और ब्रांड ने जगह बनाई, और वह है Redmi A5. यह फोन 10वें स्थान पर रहा और इसे सबसे सस्ता स्मार्टफोन भी माना गया, जिसकी डिमांड खासकर emerging markets में लगातार बनी हुई है.

iPhone 17 की सफलता सिर्फ Apple ब्रांड की ताकत नहीं दिखाती, बल्कि यह भी बताती है कि इस बार कंपनी ने बेस मॉडल को इतना मजबूत बनाया कि वही सबसे ज्यादा बिकने वाला फोन बन गया. दूसरी तरफ Samsung की स्ट्रेटेजी साफ है कम कीमत वाले फोन्स से ज्यादा मार्केट कवर करना.

अगर ट्रेंड देखा जाए, तो ग्लोबल मार्केट में दो चीजें साफ दिखती हैं: एक तरफ प्रीमियम सेगमेंट में Apple का दबदबा है, और दूसरी तरफ वॉल्यूम गेम में Samsung और Redmi जैसे ब्रांड आगे हैं.

यह भी पढ़ें: भूल जाइए iPhone 16-17! कौड़ियों के दाम में मिल रहा iPhone 15, यहां मिल रही डील

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.

Connect On :