ऐसे समय में जब दुनिया के बड़े-बड़े उद्यम 5G का मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करने पर काम कर रहे हैं, ताकि इस प्रौद्योगिकी को वाणिज्यिक रूप से बाजार से उतारा जा सके, Huawei ने मंगलवार को कहा कि कंपनी इस साल की दूसरी तिमाही में एंड-टू-एंड 5G समाधान लांच करेगी।
Huawei के रोटेटिंग चेयरमैन एरिक शू के मुताबिक कंपनी 5G प्रौद्योगिकी में निवेश को लेकर प्रतिबद्ध है।
उन्होंने यहां मंगलवार को बताया, "हम 5G निवेश के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं और इस साल की दूसरी तिमाही में हम एंड-टू-एंड 5G समाधान उतार रहे हैं।"
Huawei एनालिस्ट समिट (एचएएस) के 2018 के संस्करण में अपने मुख्य संबोधन में शू ने कहा कि 5G से नेटवर्क की गति बढ़ेगी और नेटवर्किं ग की लागत में भी कमी आएगी।
शू ने उपस्थित जनसमूह से कहा, "5G Huawei का एक और उत्पाद है। यह प्रौद्योगिकी का प्राकृतिक विकास है। पहले 2G से 3G, फिर 3G से 4G और अब 5G।"
शू के मुताबिक, ग्राहकों के लिए 4G और 5G में कोई मौलिक अंतर नहीं होगाा। यह केवल तेज गति के बारे में है। उन्होंने कहा, "हमें दोनों प्रौद्योगिकियों में ग्राहकों के लिए दिखने वाला कोई खास अंतर नजर नहीं आया, सिवाए इसके कि उन्हें 4जी के मुकाबले 5जी में बेहद तेज गति मिलेगी।"
कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि 4G का बुनियादी ढांचा मजबूत है और 5G प्रौद्योगिकी पहले घने क्षेत्रों पर लक्षित की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं के लिए अधिक बैंडविड्थ की बढ़ती मांग पूरी की जा सके।