Samsung ने आधिकारिक तौर पर अपनी नई Galaxy S26 सीरीज़ को लॉन्च कर दिया है, जिसके बाद से ही स्मार्टफोन बाजार में नई हलचल देखने को मिल रही है। इस नए लाइनअप में Galaxy S26, Galaxy S26 Plus और Galaxy S26 Ultra समेत तीन मॉडल शामिल हैं। नई सीरीज़ के लॉन्च होते ही पिछले साल का प्रीमियम मॉडल Galaxy S25 Plus अब भारी प्राइस कट के साथ उपलब्ध हो गया है, जिससे यह उन यूज़र्स के लिए आकर्षक विकल्प बन गया है जो लेटेस्ट डिवाइस के बजाय वैल्यू-फॉर-मनी स्मार्टफोन खरीदना चाहते हैं।
भारत में Galaxy S25 Plus पर यह खास ऑफर Amazon India पर देखा जा सकता है। 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाला वेरिएंट, जिसकी कीमत लॉन्च के दौरान 99,999 रुपये थी, अब ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर 74,994 रुपये में लिस्ट किया गया है। इसके अलावा ग्राहकों को 4,000 रुपये का अतिरिक्त कूपन डिस्काउंट भी मिल रहा है, जबकि चुनिंदा क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने पर 1,500 रुपये की अतिरिक्त छूट भी दी जा रही है।
वहीं अगर आप ICICI बैंक क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करते हैं तो आपकी 2,249 रुपये तक की एक्स्ट्रा बचत हो सकती है। इसके अलावा, एक्सचेंज ऑफर के तहत ग्राहकों को 42000 रुपये तक की वैल्यू पाने का मौका मिल रहा है। ऐसे में जब Galaxy S26 Plus ऊंची कीमत के साथ बाजार में आया है, तब Galaxy S25 Plus बजट और फीचर्स के बैलेंस की वजह से एक मजबूत विकल्प बनता है।
स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो Galaxy S25 Plus में क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 8 इलीट प्रोसेसर दिया गया है, जिसके साथ Adreno 830 GPU मिलता है। फोन में 6.7-इंच का Dynamic LTPO AMOLED 2X डिस्प्ले है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 2600 निट्स की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करता है। यह स्मार्टफोन Android 15 ऑपरेटिंग सिस्टम पर आधारित है और कंपनी की ओर से 7 बड़े Android अपडेट देने का वादा किया गया है, जिससे यह डिवाइस आने वाले कई सालों तक अपडेटेड रहने की क्षमता रखता है।
कैमरा सेटअप की बात करें तो इसमें ट्रिपल रियर कैमरा सिस्टम मिलता है, जिसमें 50MP का प्राइमरी सेंसर, 120-डिग्री फील्ड ऑफ व्यू वाला 12MP अल्ट्रा-वाइड सेंसर और 3x ऑप्टिकल ज़ूम के साथ 10MP टेलीफोटो कैमरा शामिल है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 12MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। पावर के लिए इसमें 4900mAh की बैटरी दी गई है, जो 45W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।
इस तरह, नई S26 सीरीज़ के आने के बाद मिली कीमत में कटौती ने Galaxy S25 Plus को प्रीमियम फीचर्स के साथ कम कीमत में खरीदने का एक दमदार मौका बना दिया है।