YouTube के सस्ते प्लान में आ गए महंगे वाले फीचर्स, अब बिना नेट भी चलता रहेगा वीडियो, लॉक स्क्रीन पर भी सुन पाएंगे गाने

YouTube दुनिया के सबसे पुराने और लोकप्रिय वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स में से एक है. कंपनी एड-फ्री और एडिशनल फीचर्स के लिए दो प्रीमियम प्लान भी ऑफर करती है. अब YouTube अपने Premium Lite प्लान को और बेहतर बना रहा है. कंपनी ने इसमें दो नए फीचर जोड़ दिए हैं, जिनकी मांग यूजर्स काफी समय से कर रहे थे.

इसमें पहला है ‘Background Play’ और दूसरा है ‘Offline Downloads’. अब Premium Lite सब्सक्राइबर्स वीडियो को बैकग्राउंड में चला सकते हैं, यानी वे ऐप बदलने पर या फोन लॉक होने पर भी वीडियो बिना रुके चलता रहेगा. इसके अलावा अब यूजर्स वीडियो डाउनलोड कर सकते हैं और बाद में बिना इंटरनेट कनेक्शन के देख सकते हैं.

ये बदलाव तब आए हैं जब YouTube को लगातार यूजर्स से फीडबैक मिल रहा था कि वीडियो ऐप से बाहर जाते ही रुक जाता है या फोन लॉक होने पर बंद हो जाता है. कई लोगों ने यह भी शिकायत की थी कि बार-बार रुकने से उनका एक्सपीरियंस खराब होता है. नए फीचर्स जोड़कर कंपनी ने दिखाया है कि वह यूजर्स की जरूरतों को गंभीरता से ले रही है और अलग-अलग देशों में ग्राहकों की मांग के हिसाब से बदलाव कर रही है.

YouTube Premium Lite पर बैकग्राउंड प्ले

Background Play उन लोगों के लिए बड़ा फायदा है जो पॉडकास्ट, इंटरव्यू, लंबे वीडियो या म्यूजिक मिक्स सुनते हैं. पहले इस फीचर के लिए फुल Premium प्लान लेना पड़ता था. अब Lite यूजर्स को भी यह सुविधा मिल रही है. इसका मतलब है कि आप WhatsApp पर चैट करते हुए, सोशल मीडिया स्क्रॉल करते हुए या फोन लॉक करके भी वीडियो सुन सकते हैं. जिनके लिए YouTube एक तरह से ऑडियो प्लेटफॉर्म भी है, उनके लिए यह बड़ा अपग्रेड है.

YouTube Premium Lite पर ऑफलाइन डाउनलोड

Offline Downloads भी उतना ही काम का फीचर है, खासकर उनके लिए जो यात्रा करते हैं या जिनके यहां इंटरनेट कनेक्शन हमेशा स्थिर नहीं रहता. आप घर पर Wi-Fi से वीडियो डाउनलोड कर सकते हैं और बाद में बिना डेटा खर्च किए देख सकते हैं. ट्रेन, फ्लाइट या कमजोर नेटवर्क वाले इलाकों में यह सुविधा काफी मददगार साबित हो सकती है.

Premium Lite vs Full Premium प्लान

अब दोनों प्लान की कीमत के बारे में बात कर लेते हैं. आपको बता दें कि Premium Lite की कीमत 89 रुपये प्रति माह है. अब इसमें Background Play और Downloads दोनों मिलते हैं. हालांकि, इसमें YouTube Music Premium शामिल नहीं है.

अगर आपको YouTube Music Premium चाहिए, तो आपको रेगुलर Premium प्लान लेना होगा, जिसकी कीमत लगभग 149 रुपये प्रति माह है. फुल प्रीमियम प्लान में सभी वीडियो से विज्ञापन हट जाते हैं, YouTube Music Premium मिलता है, और साथ ही Background Play और Offline Downloads की सुविधा भी मिलती है.

अगर आप मुख्य रूप से वीडियो देखते हैं और म्यूजिक स्ट्रीमिंग आपके लिए जरूरी नहीं है, तो Premium Lite अब पहले से ज्यादा वैल्यू देने वाला प्लान बन गया है. कम कीमत में जरूरी फीचर्स मिल रहे हैं. जो लोग अपग्रेड के बारे में सोच रहे थे, उनके लिए यह बदलाव ज्यादा विकल्प और लचीलापन देता है, ताकि वे अपने इस्तेमाल के हिसाब से सही प्लान चुन सकें.

ये भी पढ़ें: Samsung Galaxy S26, S26+ और Ultra की भारत में कितनी है कीमत? खरीदने से पहले जान लीजिए एक-एक डिटेल्स

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :