कई सालों तक WhatsApp Web सिर्फ मोबाइल ऐप का एक सपोर्ट टूल बना रहा. बड़ी स्क्रीन पर मैसेज टाइप करने की सुविधा जरूर थी, लेकिन कॉलिंग जैसे जरूरी फीचर की कमी साफ दिखती थी. अब यह फर्क धीरे-धीरे खत्म हो रहा है. WhatsApp ने अपने वेब वर्जन के लिए बड़ा अपडेट रोलआउट करना शुरू कर दिया है. अब यूजर्स बिना कोई अलग सॉफ्टवेयर डाउनलोड किए सीधे ब्राउजर से वॉयस और वीडियो कॉल कर सकते हैं. यह बदलाव खास तौर पर उन लोगों के लिए अहम है, जो ज्यादातर समय कंप्यूटर पर काम करते हैं.
आपको बता दें कि WhatsApp Web की शुरुआत साल 2015 में हुई थी. तब से यह मोबाइल ऐप का लाइट वर्जन माना जाता रहा. Windows और Mac के लिए WhatsApp ऐप में साल 2021 से ही वॉयस और वीडियो कॉलिंग मौजूद थी, लेकिन ब्राउजर यूजर्स इस सुविधा से बाहर थे.
अब इस नए अपडेट के साथ WhatsApp Web भी धीरे-धीरे डेस्कटॉप ऐप्स के बराबर आ रहा है. जानकारी के मुताबिक, जिन यूजर्स को यह अपडेट मिलेगा, उन्हें हर चैट विंडो के ऊपर कॉल के लिए अलग बटन दिखेंगे. यहां से सिर्फ एक क्लिक में वॉयस या वीडियो कॉल शुरू की जा सकेगी, ठीक वैसे ही जैसे डेस्कटॉप ऐप में होता है.
फिलहाल यह कॉलिंग सुविधा केवल वन-टू-वन चैट तक सीमित है. यानी अभी ग्रुप कॉल का ऑप्शन नहीं दिया गया है. WhatsApp पहले इस फीचर को पूरी तरह स्टेबल बनाना चाहता है, उसके बाद ही ग्रुप कॉलिंग जैसी सुविधाएं जोड़ने की तैयारी है.
इस अपडेट के साथ WhatsApp ने प्राइवेसी से कोई समझौता नहीं किया है. ब्राउज़र से की जाने वाली वॉयस और वीडियो कॉल्स भी एंड-टू-एंड इन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेंगी. इसके लिए वही Signal प्रोटोकॉल इस्तेमाल किया जा रहा है, जो WhatsApp के मोबाइल और डेस्कटॉप ऐप में पहले से मौजूद है.
इसके अलावा वीडियो कॉल के दौरान स्क्रीन शेयरिंग का फीचर भी जोड़ा गया है. यह वही सुविधा है जो पहले Windows और Mac ऐप में मिलती थी. इससे ऑफिस मीटिंग, प्रेजेंटेशन या किसी को रिमोट मदद देने जैसे काम आसान हो सकते हैं. एक और बड़ा फायदा यह है कि यह कॉलिंग फीचर पूरी तरह ब्राउजर पर चलता है. इसका मतलब यह Linux जैसे ऑपरेटिंग सिस्टम पर भी काम करेगा, जहां अभी तक WhatsApp का कोई ऑफिशियल ऐप मौजूद नहीं है. ऐसे यूजर्स को अब थर्ड-पार्टी ऐप्स पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और न ही कॉल के लिए मोबाइल पर जाना होगा.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह नया फीचर फिलहाल WhatsApp Web beta यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है. इस जानकारी को सबसे पहले WABetaInfo ने शेयर किया है. आने वाले हफ्तों में इसे स्टेबल यूजर्स के लिए भी उपलब्ध कराया जा सकता है. यह अपडेट साफ संकेत देता है कि WhatsApp अब अपने वेब प्लेटफॉर्म को सिर्फ कंपेनियन ऐप नहीं, बल्कि एक पूरा कम्युनिकेशन टूल बनाना चाहता है. आने वाले समय में WhatsApp Web का इस्तेमाल सिर्फ चैट तक सीमित नहीं रहेगा.
यह भी पढ़ें: नौकरी करने वालों के लिए खुशखबरी! UPI से निकाल पाएंगे PF के पैसे, EPFO के मोबाइल ऐप से चुटकियों में होगा काम