WhatsApp में एक नया फीचर आ गया है. कई लोग इसकी जरूरत महसूस कर रहे थे. आपको बता दें कि Meta के स्वामित्व वाला WhatsApp ने अपने ऐप में एक नया फीचर पेश किया है, जिसका उद्देश्य ग्रुप बातचीत के दौरान होने वाली रुकावट को कम करना है. Group Message History नाम का यह फीचर ग्रुप में नए मेंबर को जोड़ने की प्रक्रिया को आसान बनाता है.
इससे अब पुराने मैसेज मैन्युअली फॉरवर्ड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और प्लेटफॉर्म की एंड टू एंड एन्क्रिप्शन पॉलिसी भी सुरक्षित रहेगी. WhatsApp के अनुसार, ग्रुप एडमिन के पास यह विकल्प होगा कि वह नए सदस्य के साथ पुरानी चैट हिस्ट्री शेयर करना चाहता है या नहीं.
WhatsApp ने अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया कि Group Message History फीचर के जरिए ग्रुप में जुड़ने वाले नए मेंबर उन हालिया मैसेज को देख सकेंगे, जो उनके जुड़ने से पहले भेजे गए थे. पहले ऐसा नहीं था. पहले जो यूजर बाद में ग्रुप में जोड़ा जाता था, वह सिर्फ उसी समय से मैसेज देख पाता था जब से वह जुड़ा था. इससे कई बार संदर्भ समझने में दिक्कत होती थी और बाकी सदस्यों को पुराने मैसेज फॉरवर्ड करने पड़ते थे. अब यह फीचर इस प्रक्रिया को आसान बनाएगा.
Group Message History फीचर पूरी तरह वैकल्पिक और कॉन्फिगरेबल है. यानी ग्रुप एडमिन यह तय कर सकता है कि पुराने मैसेज नए मेंबर के साथ शेयर किए जाएं या नहीं. एडमिन यह भी तय कर सकता है कि कितने पुराने मैसेज फॉरवर्ड किए जाएं. कंपनी के मुताबिक यह संख्या कम से कम 25 मैसेज से शुरू हो सकती है. यह सुविधा अलग अलग तरह के ग्रुप जैसे प्रोफेशनल, कम्युनिटी या पर्सनल चैट के हिसाब से लचीलापन देती है.
WhatsApp ने साफ किया है कि Group Message History फीचर भी एंड टू एंड एन्क्रिप्शन के तहत ही काम करेगा. इसका मतलब है कि शेयर की गई चैट सिर्फ ग्रुप के सदस्यों को ही दिखाई देगी. कंपनी ने कहा है कि इस अपडेट से एन्क्रिप्शन स्टैंडर्ड में कोई बदलाव नहीं किया गया है और मैसेज की विजिबिलिटी पूरी तरह ग्रुप के दायरे में ही नियंत्रित रहेगी.
पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जब किसी नए सदस्य को मैसेज हिस्ट्री भेजी जाएगी, तो सभी ग्रुप मेंबर को इसकी जानकारी टाइमस्टैम्प और सेंडर डिटेल के साथ मिलेगी. इसके अलावा, पुरानी हिस्ट्री को सामान्य मैसेज से अलग तरीके से दिखाया जाएगा ताकि भ्रम की स्थिति न बने.
Group Message History फीचर का रोलआउट ग्लोबली लेवल पर शुरू हो चुका है. यह जल्द ही Android और iOS दोनों वर्जन पर उपलब्ध होगा. यूजर्स को सलाह दी गई है कि वे अपने WhatsApp ऐप को लेटेस्ट वर्जन में अपडेट करें, ताकि इस नई सुविधा का लाभ उठा सकें.
यह भी पढ़ें: Google Pixel 10a vs Apple iPhone 16: 2026 में कौन सा फोन है आपके लिए बेस्ट? जानें हर फीचर की बारीकी