सावधान: Online Gaming की लत ने ली जान.. तीन बहनों ने लगा दी 9वीं मंजिल से छलांग, खेलती थीं ये वाला गेम, कहीं आपका बच्चा तो…

Updated on 04-Feb-2026

गाजियाबाद से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। जानकारी के मुताबिक, तीन सगी नाबालिग बहनों ने देर रात एक ऊंची इमारत की 9वीं मंज़िल से कूदकर अपनी जान दे दी। यह दर्दनाक घटना रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि मृतक तीनों बहनें उम्र में नाबालिग थीं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वे एक गेमिंग ऐप की लत का शिकार हो चुकी थीं और अक्सर एक ऑनलाइन टास्क-आधारित कोरियन लवर गेम खेलती थीं। हालांकि, तीनों बहनों द्वारा सामूहिक रूप से आत्महत्या जैसा कदम उठाने के पीछे की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

पुलिस को मिला सुसाइड नोट

पुलिस को घटनास्थल से एक पेज का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें केवल “मम्मी-पापा सॉरी” लिखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। यह मामला गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ क्षेत्र अंतर्गत भारत सिटी का बताया जा रहा है। जांच के तहत परिजनों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही मोबाइल फोन और डिजिटल गतिविधियों की भी गहन जांच की जा रही है।

मृतक बच्चियों की पहचान निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीनों बहनें रात के समय एक साथ नौवीं मंज़िल से नीचे कूद गईं। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले तो दृश्य बेहद भयावह था। जमीन पर तीनों के शव पड़े थे और खून बह रहा था। थोड़ी ही देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

क्या है ‘कोरियन लवर’ गेम

‘कोरियन लवर’ नाम के गेम को लेकर जो बातें सामने आ रही हैं, वे बेहद चौंकाने वाली हैं। शुरुआती पड़ताल में पता चला है कि तीनों बहनें ज़्यादातर समय एक अलग ही दुनिया में डूबी रहती थीं, जहां वे एक कोरियन गेम से जुड़े अलग-अलग टास्क पूरे कर रही थीं। पुलिस अब उन मोबाइल फोन्स की बारीकी से जांच कर रही है, जिनमें मौजूद इन गुप्त चुनौतियों ने कथित तौर पर उन्हें इतना बड़ा और खौफनाक फैसला लेने की ओर धकेल दिया।

मृतक बहनों के पिता चेतन कुमार ने बताया कि उनकी बेटियां एक कोरियन गेम खेला करती थीं। उनके अनुसार, उस गेम में कुल 50 टास्क थे और घटना वाले दिन आखिरी टास्क पूरा किया जाना था। जांच के लिए पुलिस तीनों के मोबाइल फोन अपने साथ ले गई है। उन्होंने यह भी बताया कि कूदने के लिए बेटियों ने दो सीढ़ियों वाली एक छोटी सीढ़ी का इस्तेमाल किया था।

गेमिंग की लत से बच्चों को कैसे बचाएं

ऑनलाइन गेमिंग की लत से बच्चों को बचाने के लिए माता-पिता को कुछ प्रैक्टिकल और समझदारी भरे कदम उठाने चाहिए। नीचे 5 ज़रूरी पॉइंट्स दिए गए हैं जिन्हें ध्यान में रखना चाहिए।

  • माता-पिता बच्चों के लिए मोबाइल, टैबलेट या कंप्यूटर इस्तेमाल करने का एक तय समय निर्धारित करें और उस नियम का खुद भी पालन करवाएँ, ताकि स्क्रीन टाइम संतुलित रहे।
  • बच्चों से फ्रेंडली तरीके से बात करें, उनके पसंदीदा गेम समझें और उन्हें यह बताएं कि ज़्यादा गेम खेलने से पढ़ाई, सेहत और नींद पर क्या असर पड़ता है।
  • बच्चों को आउटडोर गेम्स, किताबें पढ़ने, म्यूज़िक, डांस या किसी हॉबी में शामिल करें ताकि उनका ध्यान डिजिटल गेम्स से हटकर दूसरी गतिविधियों में लगे।
  • माता-पिता खुद भी मोबाइल और सोशल मीडिया का सीमित उपयोग करें, क्योंकि बच्चे वही सीखते हैं जो वे बड़ों को करते हुए देखते हैं।
  • अगर बच्चे का व्यवहार ज़्यादा चिड़चिड़ा, गुस्सैल या अलग-थलग रहने वाला हो जाए, तो समय रहते काउंसलर या चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट से सलाह लेने में हिचकिचाएँ नहीं।
Faiza Parveen

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :