भारत की होमग्रोन AI स्टार्टअप Sarvam लगातार सुर्खियों में बनी हुई है. कंपनी ने हाल ही में दो Large Language Models खुद से तैयार किए थे और अब चुपचाप अपना AI चैट ऐप Indus ऐप स्टोर पर रिलीज कर दिया है. यह ऐप Apple App Store और Google Play Store दोनों पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है. साथ ही Indus की वेबसाइट भी लाइव हो चुकी है, हालांकि अभी हर यूजर को तुरंत एक्सेस नहीं मिल रहा है.
Indus, Sarvam का AI असिस्टेंट है. ऐप लिस्टिंग के मुताबिक, इसे खास तौर पर भारतीय यूजर्स के लिए तैयार किया गया है और पूरी तरह भारत में बनाया गया है. कंपनी का दावा है कि यूजर इस AI चैटबॉट से हर भारतीय भाषा में बातचीत कर सकेंगे. खास बात यह है कि बातचीत के दौरान भाषा बदली भी जा सकती है, जैसे अंग्रेजी से हिंदी या हिंदी से किसी अन्य भाषा में.
ChatGPT और Gemini जैसे अन्य AI चैटबॉट की तरह Indus में भी वॉयस कमांड फीचर दिया गया है. यूजर बोलकर सवाल पूछ सकते हैं और AI वेब सर्च या गहरी रिसर्च के जरिए जवाब देगा.
ऐप की लिस्टिंग के अनुसार Indus में AI एजेंट्स का सपोर्ट भी मिल सकता है. इसका मतलब है कि यूजर कुछ काम ऑटोमेट कर सकेंगे. इसके अलावा ऐप के भीतर ही डॉक्युमेंट लिखने और एडिट करने की सुविधा भी मिल सकती है.
यूजर इमेज, PDF और अन्य डॉक्युमेंट अपलोड कर सकते हैं. AI इन फाइल्स का विश्लेषण करके उनसे जुड़े सवालों के जवाब दे सकता है. यानी यह केवल चैटिंग टूल नहीं, बल्कि रिसर्च और प्रोडक्टिविटी के लिए भी काम आ सकता है.
Sarvam ने आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया है कि Indus किस AI मॉडल पर चलता है. हालांकि कंपनी ने India AI Impact Summit 2026 के दौरान Sarvam-30B और Sarvam-105B नाम के दो LLM पेश किए थे. ये दोनों फाउंडेशनल मॉडल पूरी तरह भारत में विकसित किए गए हैं. संभावना है कि Indus इन्हीं मॉडलों पर आधारित हो.
यूजर Android और iOS पर Sarvam Indus ऐप डाउनलोड कर सकते हैं या वेबसाइट के जरिए एक्सेस कर सकते हैं. फिलहाल अकाउंट बनाने के लिए मोबाइल नंबर वेरिफिकेशन जरूरी है और एक वेटलिस्ट भी चल रही है. जिन यूजर्स के पास इनवाइट कोड है, वे सीधे ऐप का उपयोग शुरू कर सकते हैं.
Sarvam का यह कदम भारत में AI इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है. अगर कंपनी अपने दावों पर खरी उतरती है तो Indus भारतीय भाषाओं में AI एक्सेस को नई दिशा दे सकता है.
यह भी पढ़ें: Google Pixel 10a vs Apple iPhone 16: 2026 में कौन सा फोन है आपके लिए बेस्ट? जानें हर फीचर की बारीकी