क्या दुनिया का चूना लगा रहा है ChatGPT का जनक? कोई झूठा तो कोई बता रहा सनकी, लग रहे गंभीर आरोप

HIGHLIGHTS

अमेरिकी पत्रिका की जांच रिपोर्ट में Sam Altman पर धोखे के गंभीर आरोप।

Ilya के 70 पन्नों वाले गोपनीय दस्तावेज़ में उन्हें झूठा कहा गया।

Dario ने 200 पन्नों की प्राइवेट डायरी में लिखा कि असली समस्या Sam खुद हैं।

ChatGPT तो आप रोज़ इस्तेमाल करते होंगे। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस इंसान ने यह बनाया, उसी के बारे में उसके सबसे करीबी साथियों ने क्या लिखा? अगर नहीं सोचा तो आज सोचिए क्योंकि Sam Atlman को लेकर जो पर्दाफाश हुआ है वो किसी फिल्म की कहानी से कम नहीं है। अमेरिकी पत्रिका The New Yorker ने 100 से ज़्यादा लोगों से बात करके, गोपनीय कागज़ातों और सैकड़ों पन्नों की निजी नोट्स के आधार पर Sam Altman पर एक ऐसी जांच रिपोर्ट छापी है जिसे पढ़कर आप भी एक बार ज़रूर सोचेंगे कि आखिर ये सब चल क्या रहा है और हो क्या रहा है।

वो 70 पन्ने जो किसी के सामने नहीं आने थे

OpenAI के मुख्य वैज्ञानिक Ilya Sutskever, आर्टफिशल इन्टेलिजन्स की दुनिया के सबसे तेज़ दिमागों में से एक माने जाते हैं। लेकिन एक दिन उन्होंने कुछ ऐसा किया जो किसी जासूसी फिल्म जैसा लग रहा है। उन्होंने चुपचाप कंपनी के मैसेज और मानव संसाधन विभाग के कागज़ात इकट्ठे किए और कुछ तस्वीरें खींच डाली, यह उन्होंने यह दफ्तर के किसी काम से नहीं बल्कि अपने निजी फोन से किया! अब ऐसा उन्होंने आखिर क्यों किया, आइए जानते हैं। ऐसा उन्होंने इसलिए किया क्योंकि वह नहीं चाहते थे कि किसी को भी कोई सुराग मिले। यह सब मिलाकर करीब 70 पन्नों का एक बम तैयार हुआ जो उन्होंने कंपनी के निदेशक मंडल के कुछ सदस्यों को ऐसे संदेश में भेजा जो पढ़ने के बाद अपने आप मिट जाए।

अब उस दस्तावेज़ की पहली लाइन सुनिए। उसमें लिखा था कि Sam में एक लगातार चलने वाली आदत है और उस लिस्ट में सबसे पहला शब्द था ‘झूठ बोलना’। अब इससे ज्यादा क्या ही कहा जा सकता है।

200 पन्नों की वो डायरी जो राज़ नहीं रही

Dario Amodei आज Anthropic के मालिक हैं यानी OpenAI के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी कंपनी के। लेकिन एक वक्त वो OpenAI के अंदर बैठकर सब देख रहे थे। उन्होंने सालों तक एक निजी डायरी लिखी। ऊपर लिखा था OpenAI के साथ मेरा अनुभव और नीचे लिखा था निजी है, किसी को मत दिखाना। 200 से ज़्यादा पन्ने। और उन सब पन्नों की समरी एक ही लाइन में थी कि OpenAI की असली समस्या Sam खुद हैं।

हटाए गए तो भी नहीं माने, यह है असली खेल

नवंबर 2023 में OpenAI के निदेशक मंडल ने Sam को मुखिया की कुर्सी से हटा दिया। इस निर्णय से कहीं न कहीं दुनिया भी हैरान थी। लेकिन Sam तो जैसे पहले से तैयार बैठे थे।

रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कार्यकारी मुखिया Mira Murati तक यह मैसेज पहुंचाया कि उनके समर्थक उनकी और दूसरों की साख बिगाड़ने के लिए सब कुछ कर रहे हैं। साथ ही Thrive Capital का 86 अरब डॉलर यानी करीब 7 लाख करोड़ रुपये का निवेश अचानक रोक दिया गया। और साफ इशारा दिया गया कि यह पैसा तभी आएगा जब Sam वापस आएंगे।

मतलब हज़ारों कर्मचारियों की करोड़ों की कमाई सीधे Sam की वापसी से जोड़ दी गई। यह आर्थिक दबाव था और यह काम कर गया। Microsoft के मालिक को सीधे संदेश, जांच करने वाली कमेटी भी Sam की पसंद की
अब यह वाला किस्सा सुनकर आप सच में चौंक जाएंगे।

Sam ने Microsoft के मुखिया Satya Nadella को सीधे मैसेज भेजा और लिखा कि Bret, Larry Summers और Adam को निदेशक मंडल में रखो, मुझे मुखिया बनाओ और Bret जांच संभाले। यानी जिस कमेटी को Sam की जांच करनी थी उसके सदस्य भी Sam की पसंद के ही थे। अब आप ही बताइए ऐसे में जांच का क्या नतीजा निकलता।

यह सब पहले भी हो चुका था, अब दोहराया जा रहा था

बुज़ुर्ग कहते हैं इंसान की आदत नहीं बदलती। Sam के साथ भी कुछ ऐसा ही लगता है। OpenAI से पहले उनकी कंपनी Loopt में वरिष्ठ कर्मचारियों ने दो बार निदेशक मंडल से Sam को हटाने की मांग की थी और वजह थी नेतृत्व और पारदर्शिता को लेकर सवाल। Y Combinator में भी साझेदारों ने Paul Graham से शिकायत की। और Graham ने अपने साथियों से कहा कि Sam हमसे हर वक्त झूठ बोलता रहा। जब Paul Graham जैसा इंसान जिसने खुद Sam को आगे बढ़ाया यह बात कहे तो मामला बहुत गंभीर हो जाता है।

सुरक्षा का वादा और हकीकत एकदम अलग

OpenAI ने अपनी एक खास टीम को जो आर्टफिशल इन्टेलिजन्स को इंसानों के लिए सुरक्षित बनाने पर काम कर रही थी, कंपनी की 20 प्रतिशत कम्प्यूटिंग ताकत देने का वादा किया था। लेकिन उस टीम के चार सदस्यों ने बताया कि असल में मिली सिर्फ 1 से 2 प्रतिशत और वो भी सबसे पुराने और धीमे उपकरणों पर। वह टीम अपना काम पूरा किए बिना ही भंग कर दी गई।

ChatGPT की कुछ विवादास्पद सुविधाओं को लेकर Sam ने निदेशक मंडल को बताया था कि सुरक्षा समिति ने मंज़ूरी दे दी है। लेकिन जब बोर्ड सदस्य Helen Toner ने कागज़ात मांगे तो पता चला कि मंज़ूरी कभी मिली ही नहीं थी। इसके अलावा Microsoft ने भारत में ChatGPT का एक शुरुआती वर्जन बिना ज़रूरी सुरक्षा जांच पूरी किए उतारा था और यह बात Sam ने निदेशक मंडल को कभी बताई ही नहीं।

एक हज़ार अरब डॉलर की कंपनी और सवाल अभी भी बाकी हैं

इन सब बातों के बावजूद Sam Altman आज भी OpenAI की मुखिया की कुर्सी पर बैठे हैं। कंपनी एक हज़ार अरब डॉलर यानी करीब 84 लाख करोड़ रुपये के मूल्यांकन पर शेयर बाज़ार में उतरने की तैयारी में है। अमेरिकी सरकार के साथ आव्रजन, निगरानी और युद्ध में स्वचालित हथियारों तक के ठेके हो रहे हैं।

निदेशक मंडल के एक पूर्व सदस्य ने जो कहा वो याद रखने वाला है। उन्होंने कहा कि Sam में दो ऐसी आदतें हैं जो एक साथ बहुत कम लोगों में मिलती हैं, सामने वाले को खुश करने की गहरी चाहत और किसी को धोखा देने के नतीजों की बिल्कुल परवाह न करना। कई लोगों ने अलग-अलग बात करते हुए एक ही शब्द इस्तेमाल किया और वो शब्द था मनोरोगी जैसी सोच।

ChatGPT आज भी दुनिया का नंबर 1 आर्टफिशल इन्टेलिजन्स औज़ार है। Sam Altman आज भी उसी कुर्सी पर हैं। और यह सवाल आज भी जवाब का इंतज़ार कर रहा है कि क्या हम उस इंसान पर भरोसा कर सकते हैं जिसके हाथ में दुनिया की सबसे ताकतवर तकनीक है।

यह भी पढ़ें: Price Hike Alert: घटेंगे नहीं अब बढ़ जाएंगे Nothing Phone 3a Lite के प्राइस; कारण जान दांतों तले उंगली चबा लेंगे

Ashwani Kumar

Ashwani Kumar has been the heart of Digit Hindi for nearly nine years, now serving as Senior Editor and leading the Vernac team with passion. He’s known for making complex tech simple and relatable, helping millions discover gadgets, reviews, and news in their own language. Ashwani’s approachable writing and commitment have turned Digit Hindi into a trusted tech haven for regional readers across India, bridging the gap between technology and everyday life.

Connect On :