बिना इंडियन सिम के भी काम करेगा Paytm, इन लोगों के लिए खास सुविधा शुरू, फौरन हो जाएंगे पैसे ट्रांसफर

Paytm ने डिजिटल पेमेंट को और आसान बनाते हुए अब दुनिया भर में रहने वाले NRIs के लिए UPI एक्सेस शुरू कर दिया है. इस नए अपडेट के बाद यूजर्स बिना भारतीय मोबाइल नंबर के भी अपने इंटरनेशनल नंबर से सीधे Paytm में लॉग इन कर सकते हैं. यानी अब अलग से भारतीय सिम लेने या नंबर मैनेज करने की झंझट खत्म हो गई है.

इस फीचर के जरिए विदेश में रहने वाले लोग अपने NRE या NRO बैंक अकाउंट को लिंक करके आसानी से UPI पेमेंट कर सकते हैं. ऐप खोलते ही यूजर्स भारत में QR कोड स्कैन करके पेमेंट कर सकते हैं, ऑनलाइन शॉपिंग कर सकते हैं या फिर अपने परिवार और दोस्तों को पैसे भेज सकते हैं. सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें इंटरनेशनल पेमेंट गेटवे या ज्यादा फॉरेक्स चार्ज की चिंता भी नहीं रहती.

रोजमर्रा के काम को बना देगा आसान

Paytm का यह अपडेट रोजमर्रा के पेमेंट को काफी आसान बना देगा. अब NRIs भारत में रहते हुए या विदेश से ही कई काम बिना किसी परेशानी के कर सकते हैं. जैसे कि:

  • दुकानों और रेस्टोरेंट में UPI QR कोड स्कैन करके पेमेंट करना
  • भारतीय वेबसाइट्स और ऐप्स पर ऑनलाइन शॉपिंग करना
  • दोस्तों और परिवार को तुरंत पैसे ट्रांसफर करना

यह सुविधा National Payments Corporation of India (NPCI) के प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जिससे ट्रांजैक्शन सुरक्षित और भरोसेमंद रहते हैं. फिलहाल यह सर्विस 12 देशों में उपलब्ध कराई जा रही है, जिनमें Singapore, Australia, Canada, Hong Kong, Oman, Qatar, USA, Saudi Arabia, UAE, UK, France और Malaysia शामिल हैं. हालांकि, सभी देशों में यह फीचर एक साथ एक्टिव नहीं हुआ है, लेकिन धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचाया जा रहा है.

Paytm ने लॉन्च किए दूसरे भी कई फीचर्स

Paytm ने इस अपडेट के साथ कुछ अतिरिक्त फीचर्स भी दिए हैं, जिससे यूजर्स अपने पैसे को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकें. यूजर्स अब अपने UPI स्टेटमेंट को PDF या Excel में डाउनलोड कर सकते हैं, खर्चों को ट्रैक कर सकते हैं और अपने सभी लिंक्ड बैंक अकाउंट्स का बैलेंस एक ही जगह देख सकते हैं. इसके अलावा AI बेस्ड फीचर्स जैसे Paytm Playback के जरिए खर्च का एनालिसिस भी किया जा सकता है, जिससे यूजर्स को अपनी फाइनेंशियल प्लानिंग में मदद मिलती है.

इस सर्विस को शुरू करना भी ज्यादा मुश्किल नहीं है. यूजर को सिर्फ Paytm ऐप डाउनलोड करके अपने इंटरनेशनल मोबाइल नंबर से लॉग इन करना होगा, फिर SMS के जरिए वेरिफिकेशन करना होगा और अपने बैंक अकाउंट को लिंक करना होगा. इसके बाद तुरंत UPI पेमेंट शुरू किया जा सकता है.

Paytm का यह कदम उन लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है जो विदेश में रहते हैं लेकिन भारत से जुड़े फाइनेंशियल काम आसानी से करना चाहते हैं. जैसे-जैसे UPI का इस्तेमाल बढ़ रहा है, कंपनी का लक्ष्य है कि दुनिया भर में रहने वाले भारतीय बिना किसी रुकावट के डिजिटल पेमेंट का फायदा उठा सकें.

यह भी पढ़ें: Android फोन खतरे में! नया मैलवेयर बना रहा टारगेट, ऐसे रहें सावधान

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम मीडिया में लगभग आधे दशक से सक्रिय हैं. टाइम्स नेटवर्क में आने से पहले वह न्यूज 18 और आजतक जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक में रूचि होने की वजह से आप टेक्नोलॉजी पर इनसे लंबी बात कर सकते हैं.

Connect On :