डिजिटल युग में जहां टैक्स भरने की प्रक्रिया ऑनलाइन हो चुकी है, वहीं साइबर अपराधियों के लिए भी यह एक नया मौका बन गया है. भारत सरकार ने अब एक नए फिशिंग स्कैम को लेकर चेतावनी जारी की है. इसमें यूजर्स को ‘PAN 2.0’ कार्ड मिलने का झांसा देकर उनका निजी और वित्तीय डेटा चुराने की कोशिश की जा रही है.
इस स्कैम में यूजर्स को नकली ईमेल भेजे जा रहे हैं जो सरकारी लगने वाले फॉर्मेट में तैयार होते हैं, जिनमें फर्जी मोहरें, फेक कॉन्टैक्ट डिटेल और डर पैदा करने वाली भाषा होती है. आइए आपको इस स्कैम के बारे में और इससे बचने का उपाय बताते हैं.
Bloomberg की रिपोर्ट के मुताबिक, स्कैम ईमेल्स info@smt.plusoasis.com जैसे पते से आ रही हैं. इसमें सब्जेक्ट लाइन होती है “Get Your PAN 2.0 Card”. इन ईमेल्स में दिए गए लिंक सरकारी वेबसाइट जैसे दिखते हैं, लेकिन असल में ये यूजर को फेक साइट्स पर भेजते हैं जहां उनसे आधार, पैन, बैंक अकाउंट की जानकारी और अन्य संवेदनशील डेटा मांगा जाता है. इस डेटा का इस्तेमाल फिर धोखाधड़ी या पहचान चोरी में किया जा सकता है.
PIB Fact Check ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इसे फर्जी करार देते हुए लिखा कि
“Scam alert!! क्या आपको ऐसा ईमेल मिला है जिसमें e-PAN Card डाउनलोड करने के लिए लिंक पर क्लिक करने को कहा गया है? … यह #Fake है.”
इसी तरह, आयकर विभाग ने भी स्पष्ट किया कि वह कभी भी बिना अनुरोध के व्यक्तिगत जानकारी या खाता नंबर मांगने वाला ईमेल नहीं भेजता. PAN से जुड़ी सभी सेवाएं केवल सरकारी डोमेन (.gov.in या .nic.in) पर ही उपलब्ध हैं.
सरकार की ओर से यह चेतावनी ऐसे समय पर आई है जब अधिकतर लोग ऑनलाइन टैक्स फाइलिंग कर रहे हैं. इस तरह के स्कैम से बचने का सबसे अच्छा तरीका है जागरूक रहना और किसी भी अनजान ईमेल पर आंख मूंदकर भरोसा न करना.
यह भी पढ़ें: भूकंप आने से पहले ही जोर-जोर से बजने लगेगा फोन! आज ही ऑन कर लें ये सेटिंग, 2 मिनट में हो जाएगा सेट