भारत में OpenAI ने अपने ChatGPT यूजर्स के लिए एक बड़ा ऐलान किया है. कंपनी ने अपने ChatGPT Go प्लान को एक साल के लिए मुफ्त कर दिया है. यह ऑफर 4 नवंबर से शुरू हुआ है और सीमित समय के लिए उपलब्ध रहेगा. हालांकि, इस मुफ्त ऑफर के बावजूद कई यूजर्स को पेमेंट फेल्योर की समस्या का सामना करना पड़ रहा है.
कंपनी के मुताबिक, यह ऑफर केवल नए भारतीय यूजर्स के लिए है जो इस प्रमोशनल टाइम पीरियड के दौरान Go प्लान के लिए साइन अप करते हैं.
हालांकि, यह प्लान पूरी तरह मुफ्त है, लेकिन एक वैलिड पेमेंट मेथड (क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या UPI) देना जरूरी है ताकि OpenAI अकाउंट को वेरिफाई कर सके.
कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर शिकायत की है कि वे जब ChatGPT Go को एक्टिवेट करने की कोशिश करते हैं, तो ट्रांजैक्शन पेमेंट स्टेज पर जाकर फेल हो जाता है. स्क्रीन पर “Payment failed” का एरर दिखता है, जबकि उनके कार्ड और UPI डिटेल्स सही हैं.
अब तक OpenAI ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, यह समस्या सर्वर ट्रैफिक और अचानक बढ़ी सब्सक्रिप्शन रिक्वेस्ट्स के कारण हो सकती है. कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि एक साल की फ्री अवधि पूरी होने के बाद यूजर को रेगुलर बिलिंग प्लान पर स्विच करना होगा, जब तक वे सब्सक्रिप्शन रद्द नहीं करते हैं.
ऐसे में यूजर्स ऐप के जरिए पेमेंट कर सकते हैं. एंड्रॉयड यूजर्स गूगल प्ले स्टोर के जरिए जबकि ऐपल यूजर्स ऐप स्टोर के जरिए पेमेंट कर सकते हैं. अगर आप सब्सक्रिप्शन को जारी नहीं रखना चाहते हैं तो आप इसको अगले साल पेमेंट होने से पहले कैंसिल कर सकते हैं.
OpenAI के इस कदम के पीछे एक रणनीतिक कारण है. भारत ChatGPT के लिए सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक बन गया है. पेड सब्सक्रिप्शन अगस्त 2025 में लॉन्च के बाद सिर्फ एक महीने में दोगुने हो गए थे. OpenAI ने कहा कि यह कदम भारत के यूजर्स की “क्रिएटिविटी और एंथुजियाज्म” के सम्मान में उठाया गया है. कंपनी का लक्ष्य भारत में अपनी उपस्थिति को और मजबूत बनाना और नए डेवलपर्स व स्टूडेंट्स को प्लेटफ़ॉर्म पर लाना है.
यही नहीं, कंपनी ने इसी दिन 4 नवंबर को बेंगलुरु में “OpenAI DevDay Exchange” इवेंट आयोजित किया, और इस इवेंट के मौके पर ही इस फ्री ऑफर की शुरुआत की.
फ्री ChatGPT Go ऑफर को एक्टिव करने के लिए आपको कुछ स्टेप्स फॉलो करने होंगे.
सबसे पहले अपने ChatGPT अकाउंट में लॉग इन करें. फिर “Upgrade Plan” सेक्शन में जाकर Go Plan सिलेक्ट करें. इसके बाद पेमेंट सेक्शन में क्रेडिट/डेबिट कार्ड या UPI का विवरण दर्ज करें. एक बार वेरिफिकेशन सफल होने पर Go प्लान एक्टिवेट हो जाएगा और 1 साल के लिए कोई शुल्क नहीं लगेगा.
ChatGPT Go OpenAI का लोअर-प्राइस टियर है, जो अब मुफ्त उपलब्ध है. यह GPT-5 मॉडल पर चलता है और इसमें कई प्रीमियम फीचर्स शामिल हैं. इसमें तेज रिस्पॉन्स और बेहतर सर्वर एक्सेस मिलता है. इसके अलावा इमेज जनरेशन (text-to-image), फाइल अपलोड और डॉक्यूमेंट एनालिसिस, एक्सटेंडेड चैट हिस्ट्री और कॉन्टेक्स्ट लिमिट, एडवांस कोडिंग और एनालिटिकल टूल्स मिलते हैं. यह प्लान Plus टियर के कई फीचर्स देता है, लेकिन लाइट यूजर्स और स्टूडेंट्स के लिए ज्यादा किफायती बनाया गया है.
OpenAI का यह कदम भारत में एक आक्रामक विस्तार रणनीति की ओर इशारा करता है. जहां Microsoft और Google पहले से AI इकोसिस्टम में भारतीय डेवलपर्स को टारगेट कर रहे हैं, वहीं OpenAI अब सीधे उपभोक्ता बाजार में अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है. ChatGPT Go का फ्री ऑफर न केवल AI अपनाने को बढ़ावा देगा, बल्कि लाखों भारतीय यूजर्स को प्रीमियम AI टूल्स तक पहुंच देगा जो अब तक पेवॉल के पीछे छिपे थे.
यह भी पढ़ें: Aadhaar Card New Rules! नवंबर से बदल गए कई नियम, घर बैठे हो जाएंगे ज्यादातर काम, जान लें काम की बातें