LPG Crisis: सिलेंडर बुकिंग में क्यों आ रही दिक्कत? वजह जानकर मिलेगी राहत, जानें क्या है उपाय

LPG Crisis: अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच भारत को भी तनावों का सामना करना पड़ रहा है. देशभर के कई शहरों में LPG गैस सिलेंडर की किल्लत शुरू हो गई है. सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग करने के दौरान ग्राहकों को सर्वर ठप होने का नोटिस मिल रहा है. Amar Ujala की रिपोर्ट के अनुसार, इंडियन ऑइल कॉर्पोरेशन (IOC) का सर्वर पिछले तीन दिन से फेल है. इस संकट ने उपभोक्ताओं को इतना परेशान कर दिया है कि बुकिंग न होने पर वे खाली सिलेंडर लेकर सीधे गैस एजेंसी पहुंच रहे हैं.

बुकिंग का समय बदला

इसी बीच हाल ही में यह जानकारी सामने आई है कि फिलहाल उपभोक्ता सुबह 5 से 7 बजे तक और रात 8 से 12 बजे तक ही फोन से बुकिंग कर पाएंगे। इस बीच दिन के 13 घंटे तक बुकिंग बंद रहेगी। इतना ही नहीं, बुकिंग केवल उन उपभोक्ताओं की स्वीकार की जाएगी जिनका पिछले सिलेंडर आए 25 दिन से ज्यादा हो गए हैं, जबकि गैस संकट से पहले यह वेटिंग-पीरियड 21 दिन था.

क्यों नहीं हो रही बुकिंग?

रिपोर्ट से यह भी पता चला है कि IOC जिला नोडल अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि लोगों द्वारा गैर-ज़रूरी बुकिंग कराने की वजह से सर्वर प्रभावित हो रहा है, जिससे सिलेंडर सप्लाई में दिक्कत आ रही है. लगभग 75000 पीएनजी उपभोक्ताओं द्वारा एक साथ एलपीजी बुकिंग कराने से यह संकट इतना बढ़ गया है. हालांकि, LPG की कोई कमी नहीं है और यह समस्या जल्द ही ठीक भी हो जाएगी.

ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के अध्यक्ष विपुल पुरोहित का कहना है कि सिलेंडर की बुकिंग होते ही 24 घंटे में डिलीवरी की जा रही है, लेकिन सिस्टम क्रैश होने के कारण बुकिंग नंबर और कंप्यूटर काम नहीं कर रहे.

इंडेन ने निकाला उपाय

Times Now Hindi की रिपोर्ट में बताया गया है कि इस संकट को ख़त्म करने के लिए इंडेन ने बुकिंग के दौरान IVRS (फोन पर सुनाई देने वाला निर्देश) पर ऑडियो प्रॉम्प्ट को छोटा कर दिया है, जिससे पहले से कम समय में बुकिंग हो जाएगी और लाइन जल्दी फ्री होगी। कम्पनी का कहना है कि सिस्टम जल्द ही ठीक हो जाएगा और बुकिंग की सुविधा पहले की तरह नार्मल हो जाएगी।

यहां करें शिकायत

अगर आप भी उनमें से एक हैं जिन्हें सिलेंडर बुकिंग में या फिर गैस न मिलने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है तो आप इन नंबरों पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं:

  • इंडेन और HP गैस के लिए कस्टमर केयर टोल फ्री नंबर – 18002333555
  • भारत गैस के लिए कस्टमर केयर टोल फ्री नंबर – 1800224344

यह भी पढ़ें: OTT Releases This Week: मसालेदार वीकेंड की कर लो तैयारी, इंटेंस ड्रामा से लेकर पेट दुखाने वाली कॉमेडी तक

Faiza Parveen

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :