भारतीय एंटरटेनमेंट और स्ट्रीमिंग इंडस्ट्री के लिए आज का दिन बेहद खास है। भारत में करोड़ों दिलों पर राज करने वाला ओटीटी प्लेटफॉर्म JioHotstar अब सीमाओं को पार कर वैश्विक मंच पर उतर चुका है। प्लेटफॉर्म ने भारत के बाहर पहली बार अपने ग्लोबल विस्तार का ऐलान करते हुए तीन प्रमुख देशों यूके (UK), सिंगापुर (Singapore) और कनाडा (Canada) में अपनी सेवाएं आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी हैं। इसके साथ ही कंपनी ने विदेशी दर्शकों के लिए नए ओरिजिनल्स, क्वार्टरली व एनुअल प्लान्स और एक अनोखे गेम शो फॉर्मेट भी पेश किए हैं।
JioHotstar विदेशी बाजारों में सीधे तौर पर नेटफ्लिक्स और अमेजन प्राइम जैसी ग्लोबल दिग्गजों को चुनौती देने की तैयारी में है। प्लेटफॉर्म 12 से अधिक एशियाई भाषाओं में डबिंग और सबटाइटल के साथ 1,60,000 घंटे से अधिक का कंटेंट पेश कर रहा है। इसके अलावा कंपनी हर साल 30,000 घंटे का नया कंटेंट जोड़ने की योजना पर काम कर रही है।
विदेशी दर्शक अब क्रिमिनल जस्टिस, स्पेशल ऑप्स, असुर, आर्या, चिरैया, प्रीतम एंड पेड्रो और विक्रम ऑन ड्यूटी जैसे हिट ओरिजिनल्स का लुत्फ उठा सकेंगे। इसके अलावा 12th फेल, धुरंधर, केसरी चैप्टर 2, छिछोरे जैसी फिल्मों के साथ-साथ कॉफी विद करण, खतरों के खिलाड़ी, एमटीवी हसल, स्प्लिट्सविला और रोडीज भी उपलब्ध होंगे। इतना ही नहीं, कंपनी जल्द ही अली बाबा और चालीस भूत, प्रिंस ऑफ मॉलीवुड, पार्ट टाइमर्स और द कोर्ट जैसे नए एक्सक्लूसिव ओरिजिनल्स ग्लोबल स्तर पर रिलीज करेगी।
कनाडा और सिंगापुर के दर्शकों के लिए JioHotstar एक नया गेम शो फॉर्मेट लेकर आ रहा है जिसका टाइटल India Ka Top 1 Percent है और इसे बॉलीवुड के एवरग्रीन स्टार अनिल कपूर होस्ट करेंगे। यूज़र्स कनेक्टेड टीवी और मोबाइल ऐप के जरिए स्टार प्लस, कलर्स, स्टार विजय, एशियनेट, स्टार जलसा और स्टार प्रवाह जैसे लोकप्रिय लाइव ब्रॉडकास्ट चैनल्स का कंटेंट भी सीधे स्ट्रीम कर पाएंगे।
विदेशी मार्केट्स में पकड़ मजबूत करने के लिए कंपनी ने पहली बार तीन महीने वाले क्वार्टरली (Quarterly) प्लान्स पेश किए हैं:
| देश (Market) | क्वार्टरली प्लान (Quarterly) | एनुअल प्लान (Annual) |
| यूके (UK) | GBP 19.99 (लगभग ₹2,600) | GBP 69.99 (लगभग ₹9,000) |
| कनाडा (Canada) | CAD 19.99 (लगभग ₹1,400) | CAD 49.99 (लगभग ₹3,400) |
| सिंगापुर (Singapore) | SGD 29.98 (लगभग ₹2,200) | SGD 69.98 (लगभग ₹5,200) |
यह भी पढ़ें: Realme P4s 5G vs Motorola Edge 70 Fusion vs Nothing Phone 4a: स्पेक्स और कीमत की तुलना