भारत सरकार ने तीन बड़े कदम का ऐलान कर दिया है. इन कदमों से देश में टीवी देखने और डिजिटल कंटेंट बनाने के तरीके को बदल सकते हैं. नए नियम के तहत अब देश में बनने वाले हर नए टेलीविजन सेट में एक छोटा बिल्ट-इन सेट-टॉप बॉक्स ट्यूनर देना अनिवार्य होगा. जिससे यूजर्स बिना अलग से सेट-टॉप बॉक्स लगाए करीब 400 से ज्यादा टीवी चैनल फ्री में देख सकेंगे.
इसके साथ ही सरकार ने National AI Skills Initiative की भी शुरुआत की है, जिसके तहत देशभर में 15,000 लैब्स के जरिए क्रिएटर्स को AI की ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वे बेहतर ऑडियो-विजुअल कंटेंट बना सकें. इसके अलावा MyWebs नाम का एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किया गया है, जहां क्रिएटर्स अपने काम को सीधे दिखा और शेयर कर सकेंगे.
रेल भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में रेल, सूचना और प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन पहलों को लॉन्च किया. इस मौके पर सूचना और प्रसारण सचिव संजय जाजू, प्रसार भारती के CEO गौरव द्विवेदी के साथ YouTube India और Google India के अधिकारी भी मौजूद रहे.
मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ये कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन को आगे बढ़ाते हैं, जिसमें टेक्नोलॉजी को हर घर तक पहुंचाने और इसे सभी के लिए आसान बनाने की बात कही गई है. उनका कहना था कि अब लोगों को चैनल देखने के लिए अलग से सेट-टॉप बॉक्स की जरूरत नहीं होगी क्योंकि नए टीवी में ही ट्यूनर कार्ड दिया जाएगा. कंपनियां पहले ही ऐसे सैकड़ों टीवी बाजार में उतार चुकी हैं, जिनमें करीब 450 चैनल मुफ्त में उपलब्ध हैं, हालांकि, इसके लिए डिश कनेक्शन जरूरी रहेगा.
उन्होंने यह भी बताया कि MyWebs प्लेटफॉर्म भारत की “ऑरेंज इकॉनमी” यानी क्रिएटिव सेक्टर को बढ़ावा देने में मदद करेगा. Indian Institute of Creative Technology (IICT) के साथ मिलकर 15,000 लैब्स तैयार की जा रही हैं, जहां स्टूडेंट्स और इंडस्ट्री मिलकर हाई-क्वालिटी कंटेंट तैयार करेंगे और उसे सीधे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर ले जाएंगे.
संजय जाजू ने इन तीनों पहलों को सरकार के व्यापक लक्ष्यों के अनुरूप बताया और कहा कि YouTube और Google का AI स्किलिंग में सहयोग अहम भूमिका निभाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि अब टीवी में इनबिल्ट D2H सिस्टम आने से अतिरिक्त हार्डवेयर की जरूरत खत्म हो जाएगी, जिससे यूजर्स के लिए अनुभव आसान होगा.
यह भी पढ़ें: Android फोन खतरे में! नया मैलवेयर बना रहा टारगेट, ऐसे रहें सावधान