आधार कार्ड यूजर्स के लिए UIDAI ने एक बड़ा और राहत भरा अपडेट किया है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने नया Aadhaar App (Full Version) लॉन्च कर दिया है, जिसके बाद अब कई ऐसे काम घर बैठे हो सकेंगे, जिनके लिए पहले आधार कार्ड इस्तेमाल करने वाले लोगों को आधार केंद्र जाना पड़ता था और बार बार चक्कर भी लगाने लड़ते थे। चाहे मोबाइल नंबर अपडेट करना हो, पता बदलना हो या फिर आधार कार्ड का ऑफलाइन वेरिफिकेशन ही क्यों न हो, ये सब काम अब आप नए आधार एप से आसानी से और घर बैठे कर सकते हैं।
नया आधार ऐप सिर्फ जानकारी देखने तक लिमिटेड नहीं है, बल्कि यह यूजर्स को अपनी आधार डिटेल्स सुरक्षित तरीके से सेव करने, अपडेट रखने और जरूरत पड़ने पर शेयर करने की सुविधा भी देता है। खास बात यह है कि एक ही फोन से परिवार के कई आधार कार्ड्स को मैनेज किया जा सकता है।
UIDAI का यह नया Aadhaar App दोनों ही यानि एंड्रॉयड और iOS यूजर्स के लिए उपलब्ध है। Android यूजर्स के लिए Google Play Store और iPhone यूजर्स के लिए Apple App Store से इसे डाउनलोड किया जा सकता है। इसकी पहली झलक नवंबर 2025 में देखने को मिली थी, लेकिन तब इसमें सीमित फीचर्स थे। अब यह फुल वर्जन को सभी सुविधाओं के साथ लाइव किया जा चुका है।
यह ऐप 13 भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करता है, जिससे देश के अलग-अलग हिस्सों के लोग आसानी से इसका इस्तेमाल कर सकें।
नए आधार ऐप में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और आसान रखी गई है। सबसे पहले अपने फोन के अनुसार ऐप स्टोर से UIDAI का Aadhaar App डाउनलोड और इंस्टॉल करें। ऐप खोलने के बाद अपनी भाषा चुनें और नियम-शर्तों को स्वीकार करें।
अब होम स्क्रीन पर जाकर Registered Aadhaar ऑप्शन पर टैप करें और अपना 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करें। इसके बाद आधार से लिंक मोबाइल नंबर डालें, जिस पर OTP आएगा। OTP डालकर वेरिफिकेशन पूरा करें।
अगले स्टेप में SIM Binding के लिए फोन से एक SMS भेजा जाएगा। इसके बाद आपको Face Authentication करना होगा, जिसमें फ्रंट कैमरे से चेहरे को स्कैन किया जाएगा और पलकें झपकानी होंगी। प्रक्रिया पूरी होते ही आपको 6-डिजिट का App PIN सेट करना होगा, जो आगे लॉगिन के लिए काम आएगा।
सभी स्टेप्स पूरे होने के बाद आप ऐप के होम पेज पर पहुंच जाएंगे, जहां से आधार से जुड़े सभी फीचर्स का इस्तेमाल किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: Silver Gold Rate Today: 3 फरवरी 2026 को फिर लुढ़का चांदी का भाव, सोने का भाव इतना