Gold Silver Rates Today: सोने और चांदी की कीमतों में इन दिनों लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। ताजा आंकड़ों के अनुसार राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में 24 कैरेट शुद्ध सोने की कीमत गिरकर 1,57,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पर आ गई है। यह जानकारी अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने दी है। वहीं मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में सोने का वायदा भाव भी कमजोरी के साथ 1,51,800 रुपये प्रति 10 ग्राम तक फिसल गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोने की कीमत घटकर 4,938.70 डॉलर प्रति औंस दर्ज की गई। दूसरी ओर गुडरिटर्न्स के आंकड़ों के मुताबिक 24 कैरेट सोना 1,54,350 रुपये प्रति 10 ग्राम तक आ गया, जबकि इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार बुधवार सुबह इसका भाव 1,51,865 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा।
अगर पिछले कारोबारी दिन की बात करें तो मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में कीमती धातुओं में करीब दो प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई थी। वैश्विक बाजार से मिले कमजोर संकेतों और मांग में कमी के कारण सोने की कीमतों पर दबाव बना रहा। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार 24 कैरेट सोना 2,200 रुपये यानी लगभग 1.4 प्रतिशत टूटकर 1,57,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ, जबकि इससे पहले यह 1,59,200 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था। इसी दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 1.04 प्रतिशत गिरकर 4,938.70 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
चांदी के दामों में भी लगातार बदलाव जारी है और हाल के दिनों में गिरावट का रुख ज्यादा देखने को मिला है। दिल्ली में चांदी की कीमत 5,000 रुपये यानी करीब 2 प्रतिशत घटकर 2,45,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) रह गई। सिर्फ दो दिनों के अंदर चांदी करीब 10,000 रुपये सस्ती हो चुकी है। हालांकि MCX पर चांदी का वायदा भाव हल्की बढ़त के साथ 2,30,204 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह करीब 11,000 रुपये गिरकर 2,28,783 रुपये प्रति किलोग्राम तक आ गया था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर चांदी की कीमत 74.96 डॉलर प्रति औंस रही। वहीं गुडरिटर्न्स की रिपोर्ट के अनुसार चांदी 8,000 रुपये की गिरावट के साथ 2,59,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई और दो दिनों में कुल 14,000 रुपये की कमी दर्ज हुई। IBJA के आंकड़ों के मुताबिक बुधवार सुबह तक चांदी का भाव घटकर 2,32,955 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया।
यह भी पढ़ें: Gullak Season 5: कब हो रही मिश्रा परिवार की वापसी? देखें रिलीज़ टाइमलाइन से लेकर कहानी तक की सभी डिटेल्स