भारत के मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज, रविवार को स्पेशल ट्रेडिंग सेशन के दौरान सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली। यह स्पेशल सेशन केंद्रीय बजट 2026 के चलते आयोजित किया गया था। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज लोकसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का आम बजट पेश किया है, जिसका असर कमोडिटी बाजार पर भी साफ नजर आया।
MCX पर अप्रैल वायदा सोने की कीमत 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,51,610 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुली, जबकि इसका पिछला बंद भाव 1,52,345 रुपये था। शुरुआती कारोबार के बाद सोने में बिकवाली और तेज हो गई, जिससे कीमतों में करीब 9 प्रतिशत तक की और गिरावट दर्ज की गई।
वहीं, मार्च एक्सपायरी वाली चांदी की कीमतों में भी जोरदार कमजोरी देखने को मिली। MCX पर चांदी 7,099 रुपये या 2.43 प्रतिशत टूटकर 2,84,826 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली, जबकि इसका पिछला बंद भाव 2,91,925 रुपये प्रति किलोग्राम था। कारोबार बढ़ने के साथ चांदी की कीमतों में भी 9 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आ गई।
शुक्रवार को भी सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई थी। वैश्विक बाजारों में बिकवाली और अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने के कारण निवेशकों ने मुनाफावसूली की, जिससे MCX पर कीमती धातुओं पर भारी दबाव बना। शुक्रवार को MCX सोने की कीमत 33,113 रुपये या करीब 18 प्रतिशत टूटकर 1,50,849 रुपये पर बंद हुई थी। वहीं चांदी की कीमत में 1,07,971 रुपये या लगभग 27 प्रतिशत की बड़ी गिरावट आई और यह 2,91,922 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोना और चांदी ऐतिहासिक गिरावट का शिकार हुए। सोने की कीमतों में 12 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई और यह $5,000 प्रति औंस से नीचे आ गया, जो 1980 के दशक के बाद की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट मानी जा रही है। वहीं चांदी की कीमतों में 36 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई, जो अब तक की सबसे बड़ी इंट्राडे गिरावट रही।
इस भारी गिरावट की मुख्य वजह अमेरिकी डॉलर में तेज मजबूती रही। रिपोर्ट्स के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा केविन वार्श को अमेरिकी फेडरल रिजर्व का चेयरमैन नामित करने की तैयारी की खबर सामने आई, जिसकी बाद में आधिकारिक पुष्टि भी हो गई। इस खबर के बाद डॉलर में उछाल आया और कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ गया।
यह भी पढ़ें: Budget 2026: भारत बनेगा सेमीकंडक्टर पावरहाउस, लॉन्च हुआ Semiconductor Mission 2.0