Apple में लीडरशिप बदलाव के साथ ही टॉप लीडर्स की सैलरी और पे-पैकेज में भी बड़ा फेरबदल हुआ है। 1 सितंबर 2026 से टिम कुक की जगह कंपनी के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बने जॉन टर्नस (John Ternus) की कमाई का ब्योरा सामने आ चुका है। वहीं, अब एप्पल बोर्ड के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका संभाल रहे टिम कुक के नए पे-पैकेज का भी खुलासा हो गया है। अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (US SEC) में दाखिल की गई आधिकारिक फाइलिंग के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2027 में नए सीईओ जॉन टर्नस को कुल मिलाकर लगभग $58 मिलियन (करीब 551 करोड़ रुपये) का कंपनसेशन मिल सकता है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, जॉन टर्नस के वित्तीय वर्ष 2027 के पे-पैकेज का ब्रेकअप कुछ इस प्रकार है। नए सीईओ के रूप में उन्हें सालाना $3 मिलियन (लगभग 28.5 करोड़ रुपये) की बेस सैलरी मिलेगी। पैकेज का सबसे बड़ा हिस्सा एप्पल के शेयर्स का होगा, जिसकी टारगेट वैल्यू $55 मिलियन (करीब 522 करोड़ रुपये) तय की गई है।
टर्नस के इक्विटी अवार्ड का 75 प्रतिशत हिस्सा S&P 500 इंडेक्स की अन्य कंपनियों के मुकाबले एप्पल के मार्केट परफॉर्मेंस पर निर्भर करेगा। बाकी 25 प्रतिशत टाइम-बेस्ड स्टॉक यूनिट्स होंगी, जो हर 6 महीने में वेस्ट (Vest) होंगी। उन्होंने साल के बीच में पदभार संभाला है, इसलिए 2026 में उन्हें प्रो-रेटेड बेसिस पर लगभग $2.5 मिलियन की रेस्ट्रिक्टेड स्टॉक यूनिट्स मिलेंगी।
टिम कुक की बेस सैलरी $3 मिलियन से घटकर अब $2 मिलियन रह जाएगी। उन्हें 2027 के लिए $45 मिलियन का बड़ा स्टॉक पैकेज मिलेगा। इस तरह एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के तौर पर उनकी कुल अनुमानित कमाई लगभग $47 मिलियन (करीब 446 करोड़ रुपये) होगी। कुक के इक्विटी अवार्ड का केवल 50% हिस्सा ही कंपनी के परफॉर्मेंस से जुड़ा होगा।
साल 2025 में बतौर सीईओ टिम कुक का कुल पे-पैकेज $74.3 मिलियन (लगभग 706 करोड़ रुपये) रहा था, जिसकी तुलना में अब उनकी सालाना कमाई करीब 36% कम होगी। कंपनी आमतौर पर अपनी वार्षिक शेयरधारक बैठक से पहले अतिरिक्त कैश बोनस की पूरी जानकारी शेयर करती है, इसलिए आने वाले महीनों में इनके बोनस से जुड़े आंकड़े भी साफ हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें: Jio के 200 रुपये के प्लान में ऑफर्स की बाढ़..क्या संभाल पाएंगे यूजर्स!