इस समय देश के करोड़ों Android स्मार्टफोन यूजर्स पर कहीं न कहीं खतरा मंडरा रहा है, ऐसे में एक नई साइबर चेतावनी को भी सरकार की ओर से जारी कर दिया गया है। असल में, गृह मंत्रालय की साइबर सिक्योरिटी एजेंसी Indian Cyber Crime Coordination Centre ने Android God Mode को लेकर ग्राहकों को चेतावनी दी है, यह एक खतरनाक मैलवेयर है जिसे लेकर सरकार अलर्ट दे रही है। बताया गया है कि यह मैलवेयर फोन में इंस्टॉल होने के बाद डिवाइस का लगभग पूरा कंट्रोल अपने हाथ में ले सकता है। आइए जानते हैं कि आखिर यह काम कैसे करता है और आप कैसे अपने फोन को सुरक्षित रख सकते हैं।
सबसे खतरनाक बात यह है कि यह मैलवेयर Accessibility Permission का गलत इस्तेमाल कर सकता है। एक बार अगर यूजर ने किसी फेक ऐप को यह परमिशन दे दी, तो हैकर आपके फोन के मैसेज पढ़ सकता है, ई-मेल देख सकता है, लोकेशन ट्रैक कर सकता है, यहां तक कि बैंकिंग ऐप और ट्रांजैक्शन आदि का एक्सेस भी अपने हाथों में ले सकता है। आसान शब्दों में कहें तो आपका फोन पूरी तरह हैकर के कंट्रोल में जा सकता है।
सरकारी एजेंसियों के अनुसार, यह मैलवेयर असली ऐप जैसा दिखने वाले फेक ऐप्स के जरिए फैल रहा है। जैसे: SBI YONO जैसे बैंकिंग ऐप, RTO चालान ऐप, जीवन प्रमाण पत्र से जुड़े ऐप, फेक कस्टमर केयर ऐप आदि।
असल में, कुछ लोग इन फेक ऐप्स को ही असली ऐप समझकर अपने फोन में डाउनलोड और इन्स्टॉल कर लेते हैं, और फिर ये ऐप Accessibility Permission मांगते हैं। जैसे ही यूजर परमिशन देता है, फोन का कंट्रोल हैकर के पास चला जाता है और फिर बैंकिंग फ्रॉड, डेटा चोरी और जासूसी जैसी घटनाएं होने लगती हैं।
इससे बचने के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। हमेशा ऐप सिर्फ Google Play Store से ही डाउनलोड करें। WhatsApp, Telegram, SMS या किसी वेबसाइट से APK फाइल डाउनलोड करके ऐप इंस्टॉल न करें। किसी भी अनजान ऐप को Accessibility Permission किसी भी तरह से ना दें। अगर फोन में कोई संदिग्ध ऐप दिखे, तो तुरंत उसे हटाएं और फोन की ऐप परमिशन चेक करें।
अगर किसी के साथ साइबर फ्रॉड हो जाता है, तो तुरंत 1930 पर कॉल करें या सरकारी वेबसाइट cybercrime.gov.in पर इससे जुड़ी शिकायत दर्ज करें। जल्दी शिकायत करने पर पैसा वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
यह भी पढ़ें: Google Pixel 10a का प्राइस हुआ कट..इस टाइम मिल रहा तोडू ऑफर