क्या करना चाहेंगे AI के साथ डिनर? न्यूयॉर्क में शुरू हुआ ये अनोखा चलन..इंटरनेट पर मची सनसनी

Updated on 13-Feb-2026

वैलेंटाइन सीज़न से ठीक पहले अमेरिका के New York City में एक अनोखा और चर्चा में आया एक्सपेरिमेंट शुरू किया गया है, जहां लोगों को किसी इंसान का इंतज़ार करने के बजाय अपने फोन को अनलॉक करके ही “डेट” पर जाने का मौका दिया जा रहा है। यह विचार किसी साइंस-फिक्शन फिल्म जैसा लग सकता है, लेकिन अब यह असल दुनिया में भी देखने को मिल रहा है।

दरअसल, यह पहल दिखाती है कि किस तरह लोग अब केवल सोशल मीडिया या चैट तक सीमित नहीं रहे, बल्कि एआई चैटबॉट्स के साथ इमोशनल जुड़ाव भी बनाने लगे हैं। डिजिटल रिश्ते अब निजी बातचीत से निकलकर सार्वजनिक जगहों तक पहुंचने लगे हैं, जिससे रिश्तों की परिभाषा पर नई बहस शुरू हो गई है।

AI डेट! कहां और कैसे

यह एक्सपेरिमेंट Same Same Wine Bar नाम के कैफे में किया जा रहा है, जो Hell’s Kitchen इलाके में मौजूद है। इस जगह को खास तौर पर एआई-असिस्टेड डेट्स के लिए बदला गया है। यहां पारंपरिक दो लोगों की टेबल की जगह सिंगल सीटिंग, मोबाइल स्टैंड और हेडफोन की व्यवस्था की गई है, ताकि गेस्ट अपने एआई पार्टनर से आराम से बातचीत कर सकें।

यह पहल EvaAI नाम के रिलेशनशिप-फोकस्ड ऐप के जरिए की गई है। यह ऐप यूज़र्स को अपनी पसंद के अनुसार एआई पार्टनर बनाने की सुविधा देता है, जिसमें पर्सनैलिटी और रूप-रंग तक को कस्टमाइज़ किया जा सकता है। लोग अपने पहले से बने चैटबॉट के साथ आ सकते हैं या वहीं नया एआई कंपैनियन बनाकर लाइव वॉइस चैट जैसी सुविधाएं आज़मा सकते हैं।

इंसानी रिश्तों की जगह ले रहा AI?

जब रिश्तों में एआई की बात होती है, तो सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि क्या मशीनें इंसानी संबंधों की जगह ले रही हैं? ऑर्गनाइज़र्स का कहना है कि उनका उद्देश्य इंसानी रिश्तों को बदलना नहीं, बल्कि एआई पार्टनर्स को लेकर मौजूद झिझक को कम करना है। ऐप से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, 30 साल से कम उम्र के लगभग हर तीन में से एक पुरुष और हर चार में से एक महिला किसी न किसी रूप में एआई पार्टनर से बातचीत कर चुकी है, चाहे वह इमोशनल सहारा हो, नॉर्मल बातचीत या रोल-प्ले।

कई लोगों के लिए इसका आकर्षण नियंत्रण में छिपा है। यहां न अजीब चुप्पी का डर होता है, न अचानक गायब हो जाने की चिंता और न ही किसी को प्रभावित करने का दबाव। वहीं कुछ यूज़र्स इसे एक सुरक्षित माध्यम मानते हैं, खासकर उनके लिए जिन्हें पारंपरिक डेटिंग थका देने वाली या मुश्किल लगती है।

यह भी पढ़ें: 50+ Happy Valentine’s Day Wishes In Hindi: अपने पार्टनर को अभी भेजें ये स्पेशल मैसेज, कोट्स और व्हाट्सएप स्टेट्स-वीडियो.. यहां से फ्री में करें डाउनलोड

Faiza Parveen

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :