एयर कंडीशनर आज के समय में एक जरूरत बन चुका है, लेकिन यह भी सच है कि AC एक महंगा प्रोडक्ट होता है हालांकि, अगर इसे सही समय पर खरीदा जाए तो इसमें हजारों रुपये की बचत की जा सकती है। ज्यादातर लोग AC खरीदने के लिए मार्च या अप्रैल तक इंतजार करते हैं, जब गर्मी अपने चरम पर होती है और डिमांड भी बहुत बढ़ जाती है, लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि यही सबसे बड़ी गलती होती है, क्योंकि इस समय न तो अच्छे डिस्काउंट मिलते हैं और न ही इंस्टॉलेशन जैसी सेवाएं आसानी से उपलब्ध होती हैं।
अगर सवाल किया जाए कि AC की कीमत किस महीने में सबसे सस्ती होती है, तो इसका सीधा जवाब है, नवंबर से फरवरी। यह समय एयर कंडीशनर का ऑफ-सीजन माना जाता है। ठंड के मौसम में AC की डिमांड लगभग खत्म हो जाती है, ऐसे में ई-कॉमर्स कंपनियां और ब्रांड्स अपना पुराना स्टॉक क्लियर करने के लिए कीमतों में भारी कटौती करते हैं। यही वजह है कि ऑफ-सीजन में वही AC मॉडल सस्ते दामों पर मिल जाता है, जो गर्मियों में महंगे प्राइस में सेल किए जाते हैं।
इन महीनों में भी अगर किसी एक महीने को सबसे बेहतर माना जाए, तो वह जनवरी है। दरअसल जनवरी में लगभग सभी बड़े ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर Republic Day Sale चलती है। इस दौरान कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के लिए बड़े डिस्काउंट, बैंक ऑफर्स, एक्सचेंज डील और No-Cost EMI जैसे ऑप्शन भी ऑफर करती हैं। इसका फायदा यह होता है कि आप कम बजट में भी प्रीमियम फीचर्स वाला AC खरीद सकते हैं।
जनवरी में AC खरीदने का एक बड़ा फायदा इंस्टॉलेशन से भी जुड़ा है। गर्मियों में AC कंपनियों और सर्विस टीम्स पर काम का जबरदस्त दबाव होता है, जिसकी वजह से कई बार इंस्टॉलेशन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। वहीं, ऑफ-सीजन में इंस्टॉलेशन सर्विस आसानी से और जल्दी मिल जाती है। साथ ही कंपनी की टीम से इंस्टॉलेशन कराने पर AC की वारंटी भी पूरी तरह सुरक्षित रहती है, जबकि बाहर से लगवाने पर वारंटी खत्म होने का खतरा रहता है।
इतना ही नहीं, जनवरी में नया AC खरीदने पर आपको मुफ्त सर्विसिंग का भी अतिरिक्त फायदा मिल सकता है। आमतौर पर कंपनियां साल में दो फ्री सर्विस देती हैं। अगर आप जनवरी में AC खरीदते हैं, तो पहली सर्विस गर्मियां शुरू होने के कुछ महीनों बाद करवा सकते हैं और दूसरी सर्विस सर्दियों से पहले, जब आप AC बंद करने वाले होते हैं। इसका मतलब यह है कि बिना अतिरिक्त खर्च के आपको साल भर बेहतर परफॉर्मेंस और क्लीनिंग का लाभ मिल जाता है।